News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati झुंझुनूं. बाहरी राज्यों की डिग्री होने की वजह से पोस्टिंग अटक जाने से चिंतित थर्ड ग्रेड टीचर्स से अब व्यक्तिगत शपथ पत्र लेकर नियुक्ति दे दी जाएगी। प्रारंभिक शिक्षा के संयुक्त निदेशक की ओर से राज्य के सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को ऐसे टीचर्स को व्यक्तिगत शपथपत्र प्रस्तुत करने पर पोस्टिंग देने के आदेश दे दिए गए हैं। उल्लेखनीय है कि आरपीएससी की तृतीय श्रेणी शिक्षक भर्ती परीक्षा-2006 में चयनित ऐसे शिक्षकों की पोस्टिंग रोक दी गई थी जिनकी शैक्षिक-प्रशैक्षिक योग्यता बाहरी राज्यों की है।
उन्हें तब तक पोस्टिंग नहीं देने के आदेश थे, जब तक कि उनके शैक्षिक-प्रशैक्षिक प्रमाणपत्रों और अंकतालिकाओं का सत्यापन नहीं हो जाता। राज्य के करीब पांच हजार और झुंझुनूं जिले में ऐसे 131 शिक्षक हैं। सत्यापन की प्रक्रिया में हो रही देरी को देखते हुए ऐसे शिक्षक लगातार पोस्टिंग के लिए ज्ञापन, प्रदर्शन, बैठकें कर शीघ्र पोस्टिंग के लिए राज्य सरकार पर दबाव बढ़ा रहे थे।
इन शिक्षकों को ग्रामीण क्षेत्रों में स्थित राजकीय उच्च प्राथमिक स्कूलों में खाली पदों पर नियुक्ति दी जानी है। हालांकि ऐसे शिक्षकों को पोस्टिंग तो दे दी जाएगी मगर उन्हें वेतन तभी मिलेगा, जब उनके प्रमाणपत्रों का संबंधित युनिवर्सिटी या शिक्षण संस्थान से वेरिफिकेशन हो जाएगा। प्रमाणपत्र फर्जी पाए जाने की स्थिति में कार्य अवधि का वेतन नहीं दिया जाएगा।
बाहरी डिग्रीधारी शिक्षकों को शपथ पत्र के आधार पर पोस्टिंग दे दी जाएगी। इस बारे में निर्देश मिल गए हैं, मगर शपथ पत्र कब से लेने हैं, इस बारे में तारीख नहीं दी गई है। चूरू डीडी, एलीमेंट्री से बात कर पोस्टिंग प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।
- अमृतलाल परमार, डीईओ एलीमेंट्री, झुंझुनूं