HomeNewsRajasthanShekhawati Shekhawati

एलपीजी के अवैध व्यापार का भंडाफोड़

झुंझुनूं/चिड़ावा.raid रसद विभाग ने सोमवार को दबिश देकर 15 घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। इनमें चार सिलेंडर सूरजगढ़ तथा 11 सिलेंडर चिड़ावा में जब्त किए गए। कार्रवाई में चिड़ावा की एक फर्म पर रिलायंस के 85 सिलेंडर भी मिले। रसद विभाग का दल डीएसओ आरएल जाखड़ की अगुवाई में सोमवार शाम चिड़ावा में गांधी चौक के पास स्थित दुर्गा गैस सर्विस पर पहुंचा।

वहां फर्म संचालक पवन जसरापुरिया एचपी के सिलेंडर से पेट्रोमैक्स में गैस भरते मिला। फर्म का गेट बंद कर अंदर रसद विभाग के अधिकारी कार्रवाई में लगे थे। खबर पाकर एसडीएम हरफूलसिंह यादव व नायब तहसीलदार इंद्राजसिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने रसद विभाग के इंस्पेक्टरों को कार्रवाई की खबर न देने के लिए फटकार लगाई। मौका स्थिति देखने के बाद एसडीएम व तहसीलदार चले गए।

टीम में शामिल इंस्पेक्टर जिलेसिंह ने बताया कि मंडावा की गायत्री गैस डिस्ट्रीब्यूटर के पास रिलायंस की मैन डीलरशीप है। चिड़ावा की दुर्गा गैस सर्विस के पास सब-डीलरशीप बताई जा रही है। लेकिन पिछले डेढ़ साल से इनमें कोई डिलिंग नहीं हो रही। इंस्पेक्टर ने बताया कि फर्म पर एचपी के 11 सिलेंडर जब्त किए गए हैं। इनमें सात सिलेंडर पूरे भरे हुए थे। तीन सिलेंडरों में कम गैस थी।

एक सिलेंडर को फिलिंग के लिए पेट्रोमैक्स से जोड़ रखा था। जांच में सामने आया कि आरोपी एचपी के सिलेंडरों से गैस निकालने तथा रिलायंस सिलेंडरों में भरकर बेचने का काम करता है। दल ने मौके से सिलेंडर पर लगने वाले निप्पल, पाइप आदि उपकरण जब्त किया है। ये उपकरण सिलेंडरों से गैस निकालने तथा खाली सिलेंडरों में भरने के काम आते थे।

दुकानों से चार सिलेंडर जब्त

सूरजगढ़. कस्बे में सोमवार को रसद विभाग की टीम ने रसोई गैस का व्यावसायिक उपयोग करने पर चार एलपीजी सिलेंडर जब्त किए हैं। जिला रसद अधिकारी आरएल जाखड़ के नेतृत्व में आई टीम ने बाजार में दो मिठाई की दुकानों तथा दो चार की थड़ियों पर दबिश कार्रवाई कर एक-एक घरेलू एलपीजी सिलेंडर जब्त किया।

यूं कूटता था चांदी

चिड़ावा की जिस फर्म से रसद विभाग ने 11 सिलेंडर पकड़े, वहां गैस का अवैध कारोबार होता था। आरोपी रिलायंस एजेंसी की आड़ में एचपी के सिलेंडरों की गैस निकालकर रिलायंस के सिलेंडरों में डाल लेता। इसके बाद इन सिलेंडरों को ब्याह-शादी में छह से सात सौ रुपए में बेचता। इसी प्रकार दो से पांच लीटर के छोटे सिलेंडरों को फिलिंग कर मोटी रकम वसूल करता। इस अवैध कारोबार में एचपी डीलर के मिले होने की संभावना भी है।

आरोपी गैस के अवैध कारोबार में लिप्त पाया गया है। जांच के बाद उसके खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया जाएगा।
- दिनेश कुमार, जिला कलेक्टर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: