बहादुरगढ़. मिडल की परीक्षा के पहले ही दिन राणा प्रताप स्कूल में परीक्षार्थियों को आधा घंटा देरी से पेपर मिला। बाद में पूरा समय की मांग करने पर सुपरिंटेंडेंट व स्टाफ के सदस्यों ने विद्यार्थियोंके साथ मारपीट भी की।
राणा प्रताप स्कूल में तीन स्कूलों का सेंटर बनाया गया था। परीक्षार्थियों हिमानी, गरिमा, वेद व दीपक ने बताया कि परीक्षा का समय 11 से डेढ़ बजे का था, परंतु किन्हीं कारणों के चलते उन्हें साढ़े ग्यारह बजे प्रश्न पत्र दिया गया। परीक्षार्थियों का कहना है कि लेट परीक्षा शुरू होने के बावजूद डेढ़ बजे ही उनसे पेपर वापस ले लिया गया। इस कारण वे पूरा पेपर अटैंप्ट नहीं कर पाए। जब कुछ छात्रों ने अतिरिक्त समय की मांग की तो सुपरवाइजरों द्वारा उनके साथ मारपीट शुरू कर दी गई। पेपर लेट शुरू होने के कारण अधिकांश विद्यार्थियों का 20 से 30 नंबर का पेपर रह गया।
बच्चों का यह भी कहना है कि इसकी शिकायत वे शिक्षा विभाग व स्थानीय प्रशासन से भी करेंगे। पहले दिन नहीं बना कोई केस : परीक्षा को नकल रहित बनाने के लिए शिक्षा विभाग व प्रशासन ने लगभग एक दर्जन फ्लाइंग टीमों का गठन किया था, परंतु पहले दिन आयोजित की गई परीक्षा में कोई भी नकलची फ्लाइंग टीम के हाथ नहीं लगा। विभागीय अधिकारियों के अनुसार परीक्षा को नकल रहित बनाने के लिए बोर्ड की एक फ्लाइंग, डीसी, एसडीएम, डीपीईओ, बीईओ, एसडीईओ, एसपीएल टास्क फोर्स, तहसीलदार, बीडीओ, कृषि विभाग, डीआईसी व एक्सईएन हेल्थ की एक-एक फ्लाइंग टीम गठित की गई थी।
मेरे पास इस मामले को लेकर अब तक कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर विभागीय जांच कराई जाएगी। -सुशील सारवान, एसडीएम