HomeNewsMetrosIndore Indore

कार्यालय से बाहर बनी थी 90 लाख की रजिस्ट्री

इंदौर. जिला पंजीयन कार्यालय से गुमी 90 लाख की रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर, बाहरी व्यक्ति ने ही बनाई थी। वह इसकी पुष्टि भी कर रहा है। इस बीच हर शाम कार्यालय का समय पूरा होने के बाद सरकारी रिकॉर्ड बाहर जाने की भी पुख्ता जानकारी मिली है।

सृष्टि कंस्ट्रक्शन द्वारा कराई गई 90 लाख रुपए की रजिस्ट्री, रजिस्ट्रार कार्यालय से गुमने के बाद सब रजिस्ट्रार मुख्यालय एस.पी. लोधी व बाबू एम.एल. नागले को सस्पैंड कर दिया गया। उसके बाद ‘भास्कर’ द्वारा की गई पड़ताल में पता लगा वह रजिस्ट्री कार्यालय के बाहर स्टाम्प वेंडर यतीन गोस्वामी ने तैयार की थी। आशंका है वहीं से गुम गई। श्री गोस्वामी स्वीकारते हैं रजिस्ट्री मैंने तैयार कर नागले बाबू को दे दी थी। वहीं से गुमी होगी।

निलंबित होने के बाद बोले एस.पी. लोधी, सब रजिस्ट्रार
रजिस्ट्री बाहरी लोगों से तैयार करवाई?
नहीं, कार्यालय में ही तैयार हुई और यहीं से गुमी।
रजिस्ट्री करने वाले ने ही बताया उसने तैयार की थी?
मैंने रजिस्ट्री तैयार कर बाबू एम.एल. नागले को दे दी थी। उन्होंने बाहर दी हो तो कह नहीं सकता। उन्हीं से पूछो।

एम.एल.नागले, बाबू (निलंबित)
आपने यतीन को रजिस्ट्री बनाने के लिए दी थी?
मैंने नहीं दी।
रजिस्ट्री आपके पास से गुमी या कार्यालय के बाहर से?
वरिष्ठ अधिकारियों के बारे में नहीं बोल सकता। मुझे ईश्वर पर पूरा विश्वास है। गलती मेरी नहीं है तो सजा भी नहीं मिलेगी।

अंदर-बाहर से बदहाल है कार्यालय
जिला पंजीयन कार्यालय का समय खत्म होने के बाद हर शाम सरकारी रिकॉर्ड अधिकारियों के जरिए बाहरी लोगों तक पहुंच जाता है। वे ही रजिस्ट्री तैयार करने से मोलभाव तक करते हैं।

‘भास्कर’ द्वारा एवजी कर्मचारियों के खुलासे के बाद कार्यालय में उनका प्रवेश बंद हो गया लेकिन बाहर काम जारी है। हालांकि तब स्टाफ की कमी बताने पर शासन ने 9 की जगह 17 सब रजिस्ट्रार नियुक्त कर दिए। फिर भी 20-25 बाहरी लोग अधिकारियों के लिए काम कर हर महीने मोटी रकम हासिल कर रहे हैं।

बाहरी लोगों की जांच करवाएंगे
>> हमारे अधिकारी बाहरी लोगों से काम करवा रहे हैं, इसकी मेरे पास कोई जानकारी नहीं है। आपके पास है तो उसी आधार पर जांच करवाएंगे। गुम रजिस्ट्रि मामले में पुलिस जांच कर रही है। उसमें सबकुछ सामने आ जाएगा।
डॉ. श्रीकांत पांडे, रजिस्ट्रार





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: