News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior भिंड. जालौन से भिंड आ रही बस के पलटने से उसमें सवार पांच लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि बस के नीचे व अंदर दबने से 45 लोग घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर होने से उन्हें उपचार के लिए ग्वालियर रैफर किया गया है। मृतकों में एक जनपद पंचायत का सदस्य भी शामिल है।
जालौन से सुबह करीब साढ़े दस बजे चली यात्री बस क्रमांक यूपी 78-एन 0072 ऊमरी कस्बे के पास अचानक पलट गई। जिससे बस के नीचे आधा सैकड़ा से अधिक सवारियां दब गईं। जब तक उन्हें निकाला जाता तब तक उनमें से पांच लोगों की मौत हो चुकी थी।
मरने वालों में जनपद पंचायत सदस्य रामप्रकाश बारेलाल यादव निवासी रूर, मिहोना थाने में पदस्थ आरक्षक इस्ताक अहमद पुत्र जहीर अहमद, देशराज उर्फ कल्ले पुत्र शत्रुघ्न सिंह कुशवाह निवासी ढोंचरा, विनोद पुत्र गेंदालाल निवासी रूर एवं मनीष पुत्र रामाधार गुप्ता निवासी मिहोना शामिल हैं।
गंभीर रूप से घायलों में अजयपाल सिंह पुत्र विशंभर सिंह निवासी ढोंचरा, लाखन सिंह पुत्र नबाव सिंह निवासी महोई जालौन हाल मिहोना एवं रविंद्र प्रताप सिंह पुत्र हनुमंत सिंह निवासी जगदेवा जालौन को बेहतर उपचार के लिए ग्वालियर भेजा गया है। शेष घायल करीब 42 लोगों का जिला अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
बस पलटने की सूचना मिलते ही कलेक्टर सुहेल अली, एसडीएम अशोक कमठान एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस अरविंद दुबे के अलावा स्वास्थ्य विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची। कलेक्टर ने मौके पर बचाव कार्य तेज करवाते हुए घायलोें और मृतकों को अस्पताल भिजवाने का इंतजाम किया।
मालनपुर में भी पलटी बस
भिंड से झांसी के लिए फलदान लेकर जा रही बस पाना पुल के पास पलट गई जिसमें सोलह लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए गोहद व ग्वालियर भेजा गया है। घटना शाम छह बजे के आसपास की बताई गई है। घायलों में कमलेश ओझा, चन्द्रभान सिंह, रामनिवास ओझा, सोनू ओझा, सीताराम पटवारी, सुभाष यादव, बृजेश ओझा, रामजी लाल ओझा, हरेन्द्र ओझा, संतोष ओझा, अनुराधा ओझा, मुन्नालाल, रामेश्वर दयाल एवं सबल सिंह शामिल है।