HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

शहर और जंगल से तीन युवकों का अपहरण !

ग्वालियर. शहर के मुरार थानाक्षेत्र से युवक का अपहरण हुआ है और इसकी वापसी के लिए पांच लाख रुपए की फिरौती मांगी गई है। फिरौती का फोन दिल्ली से आया, ऐसा लापता युवक के परिजनों का कहना है।

जानकारी के अनुसार मुरार थानाक्षेत्र में रहने वाला धर्मेन्द्र कुशवाह निवासी घोसीपुरा, मुरार रविवार की शाम को अपने घर से निकला था। इसके बाद से वह नहीं लौटा। सोमवार की सुबह धर्मेन्द्र ने अपने घर फोन कॉल कर बताया कि उसका अपहरण कर लिया गया है और अपहरणकर्ता पांच लाख रुपए मांग रहे हैं।

बताया जाता है कि फिरौती का फोन-कॉल पहुंचते ही, धर्मेन्द्र के परिजनों ने पुलिस की शरण ली और मुरार थाने पहुंच गए। इनके साथ राष्ट्रीय समानता दल के पदाधिकारी भी थे। इनका कहना था कि धर्मेन्द्र समानता दल का कार्यकर्ता है और उसकी रिहाई के लिए पुलिस को त्वरित कार्रवाई करना चाहिए।

जमीन बेची थी : जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले धर्मेन्द्र के परिजनों ने कुछ जमीन बेची थी और उसके एवज में अच्छा-खासा रुपया मिला था। समझा जाता है इस सौदे की जानकारी जिसको रही होगी, उसने ही धर्मेन्द्र के अपहरण की वारदात को अंजाम दिया है।

भंवरपुरा के खदान ठेकेदार उठाए : देहात क्षेत्र में बदमाशों ने दो युवकों का अपहरण कर लिया। अपहरण मुरैना और ग्वालियर के बीच जंगल से हुआ। अपहृत युवक खदान उत्खनन के कारोबार से जुड़े हैं। इनमें से एक पुलिस विभाग में पदस्थ सब इंस्पेक्टर का साला बताया जाता है।

जानकारी के अनुसार भंवरपुरा में रहने वाले बंटी गुर्जर और नवीन वर्मा नामक युवक खदान से पत्थर खनन के लिए मजदूर लेने शनिवार को मुरैना जिले के पहाड़गढ़ थानाक्षेत्र धोवनी गांव में गए थे। बताया जाता है कि मजदूरों से काम की बातचीत करने के बाद ये दोनों युवक भंवरपुरा स्थित अपने घर के लिए रवाना हो गए थे।

सोमवार तक ये दोनों युवक अपने घर नहीं पहुंचे तो इनके परिजनों ने तलाश शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक युवकों के लापता होने की सूचना भंवरपुरा और पहाड़गढ़ दोनों थानाक्षेत्रों में इनके परिजनों ने दे दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस यह पता करने में जुट गई कि युवक किन परिस्थितियों में गायब हुए।

पुलिस सूत्र बताते हैं कि युवकों का अपहरण संभवत: पंजाब गुर्जर गैंग ने किया है। अपहृतों की तलाश में ग्वालियर और मुरैना के बीच के जंगलों में र्स्िचग शुरू कर दी गई है। सूत्र बताते हैं कि पंजाब गुर्जर गैंग की उपस्थिति पिछले दिनों धोवनी गांव के जंगलों में ही पता चली थी।

>> घोसीपुरा क्षेत्र से युवक लापता हुआ है, उसने खुद ही घर फोन करके अपने अपहरण की जानकारी दी है। यह फोन नंबर दिल्ली का है। अपहरण किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी पुलिस जांच कर रही है।
अतुल सिंह, एएसपी

>> भंवरपुरा के दो युवक धोवनी में मजदूरों को लेने के लिए गए थे। वहां से ही वे लापता हुए हैं, युवकों के अपहरण की आशंका के चलते ग्वालियर और मुरैना में सर्चिग तेज करा दी है।
वीके सूर्यवंशी, एसपी ग्वालियर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: