HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

कट्टे की नोक पर तीन लाख की लूट

भाटापारा. जय मातादी कोल्डड्रिंक्स के कैशियर से सोमवार को दो युवकों ने दिनदहाड़े कट्टे की नोक पर तीन लाख रुपए लूट लिए। वारदात के बाद आक्रोशित व्यापारियों ने थाने का घेराव किया तथा विरोध में दुकानें बंद रखीं।

पुलिस के मुताबिक, नया बस स्टैंड में कोल्डड्रिंक्स व्यापारी हरविंदर सलूजा की दुकान के पीछे गोदाम है। वह सोमवार सुबह 10 बजे गोदाम में कैशियर लक्ष्मीकांत के साथ डीडी बनवाने के लिए रुपयों का बंडल बना रहा था। तीन अन्य कर्मचारी भी वहां थे।

इसी बीच दो युवक गोदाम में घुसे। उनमें से एक ने कैशियर लक्ष्मीकांत को कट्टा दिखाया और धमकाते हुए रुपए निकालने को कहा। कैशियर ने काउंटर और गल्ले में रखे तीन लाख रुपए लुटेरों के हवाले कर दिए। लुटेरे रुपयों के बंडल एक कपड़े में बांध कर ओवरब्रिज की ओर भाग निकले।

वारदात के कुछ देर बाद सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। बलौदाबाजार, चंदखुरी, नारायणपुर, नांदघाट, सुहेला आदि मार्र्गो पर नाकेबंदी की गई, लेकिन लुटेरे पकड़े नहीं जा सके। स्थानीय पुलिस और रायपुर से आए क्राइम स्क्वाड प्रभारी सत्येंद्र पांडेय ने दो दर्जन संदेहियों को पकड़कर कड़ी पूछताछ की। बताते हैं कि पूछताछ में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं।

लुटेरे पैदल या वाहन में !
बताते हैं कि लुटेरे छह-छह फुट के हट्टे-कट्टे जवान थे। उनकी उम्र 30 से 35 वर्ष के बीच बताई जा रही है। वे पैदल आए थे या किसी वाहन में, यह अभी तक स्पष्ट नहीं है। उन्होंने जब गोदाम में धावा बोला, तो पैदल थे और रकम लूटने के बाद पैदल ही भागे। कुछ लोगों ने संदेह जताया है कि घटना को अंजाम देने में कुछ और लोग भी शामिल थे। वे घटनास्थल से कुछ दूरी पर वाहन खड़ा कर साथियों का इंतजार कर रहे थे।

आक्रोशित व्यापारियों ने थाना घेरा
व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में आए दिन हो रही चोरी और लूट से व्यापारियों में आक्रोश बढ़ रहा है। कुछ दिन पहले एक इलेक्ट्रानिक्स दुकान से लाखों रुपए का सामान चोरी चला गया। आज की घटना के बाद सैकड़ों व्यापारी शहर थाना पहुंचे और पुलिस पर निष्क्रियता का आरोप लगाते हुए जोरदार नारेबाजी की।

घटना के विरोध में नया बस स्टैंड, सदर बाजार, हटरी बाजार समेत नगर की सभी दुकानें बंद रहीं। व्यापारी संघ के सचिव गोविंद मुंदड़ा ने बताया कि 19 फरवरी को भी नगर बंद रहेगा।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: