HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

बिजली कटने से उद्योगों में हड़कंप

रायपुर. उरला-सिलतरा औद्योगिक क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले उद्योगों की बिजली काट दिए जाने से हड़कंप मच गया है। उद्योगपति बिजली सप्लाई फिर से शुरू कराने के लिए प्रदूषण बोर्ड के चक्कर काट रहे हैं। कुछ उद्योगपतियों ने कार्रवाई के डर से खुद ही प्लांट बंद कर दिए हैं।

आवास एवं पर्यावरण संरक्षण मंडल और प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की टीम रात में जांच कर रही है। सोमवार को कुछ और उद्योगों को नोटिस जारी किया है। अधिकारियों के मुताबिक अब तक 19 उद्योगों को प्रदूषण नियंत्रित करने नोटिस दिया जा चुका है। पहली नोटिस के बाद यदि सुधार नहीं किया जाता तो बिजली काटने और प्लांट बंद करने की कार्रवाई की जा रही है।

प्रदूषण नियंत्रण अधिनियम 1981 की धारा 31 के अंतर्गत अब तक नौ उद्योगों की बिजली काटी जा चुकी है। इन उद्योगों में उत्पादन पूरी तरह ठप है। इनमें स्पंज आयरन के अलावा रोलिंग मिल, फेरो एलायज और पावर प्लांट शामिल हैं। पिछले सप्ताह पांच उद्योगों की बिजली काटी गई।

इसके बाद चार और उद्योगों पर कार्रवाई की गई। उद्योगपति प्लांट शुरु करवाने अपने प्रभाव का इस्तेमाल कर रहे हैं। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा बताई खामियों में सुधार किया जा रहा है। वे कागजी औपचारिकता पूरी करने में जुटे हैं।

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार तकनीकी सुधार होने के बाद उद्योगपति शपथ पत्र देंगे। इसके बाद प्रदूषण बोर्ड के साइंटिस्ट और केमिस्ट की टीम उद्योगों में निरीक्षण के लिए जाएगी। वे डस्ट चेंबर, चिमनी, वेस्ट मैनेजमेंट की जांच करेंगे। सब कुछ ठीक मिला तो वे प्रतिवेदन बोर्ड को सौंपेंगे। इसके बाद ही बिजली कनेक्शन जोड़ा जाएगा। बताया जाता है कि जिन उद्योगों को नोटिस मिल चुकी है।

उन्हें दोबारा मौका नहीं दिया जाएगा। यदि उनमें सुधार नहीं किया गया तो सीधी कार्रवाई की जाएगी। ये उद्योग सुधार में जुटे हुए हैं। कुछ उद्योगों ने उत्पादन बंद कर दिया है। उद्योग महासंघ और उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने इस कार्रवाई को सही ठहराया है।

स्पंज आयरन एसोसिएशन ने बैठक लेकर सभी सदस्यों को सतर्कता बरतने आगाह किया है। एसोसिएशन के सचिव राजीव कपूर ने बताया कि जिन उद्योगों में प्रदूषण अधिक है उन्हें सुधार करने तक उद्योग बंद रखने के लिए कहा गया है। उन्हें प्रदूषण नियंत्रण के उपायों पर अमल करने चर्चा की गई है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: