HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

पुलिस भर्ती घोटाले की जांच

जयपुर. राजस्थान पुलिस में कांस्टेबलों की भर्ती में हुए घोटाले की जांच की जाएगी। यह कदम जयपुर में फर्जी अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी के बाद उठाया गया है। पुलिस महानिदेशक एएसगिल ने बताया कि फर्जी तरीके से भर्ती हुए अभ्यर्थियों को बख्शा नहीं जाएगा। हालांकि, जो लोग अपनी मेहनत से सफल हुए हैं, उनकी भर्ती रद्द नहीं की जाएगी। भर्ती के तीन चरण हो चुके हैं, जबकि चौथा बाकी है।

गिल ने बताया कि जयपुर में भर्ती में फर्जीवाड़े का खुलासा होने के बाद कई तरह की जानकारियां सामने आई हैं। इसमें एक गिरोह द्वारा अन्य स्थानों पर भी रुपए लेकर पेपर हल कराने से लेकर आउटडोर व इंटरव्यू तक भाड़े पर लोगों को भेजने की जानकारी मिली है।

वित्त वर्ष 2007-08 में तीन चरणों में जिन जिलों व यूनिटों में भर्ती हो चुकी है उसमें सफल रहे सभी अभ्यर्थियों के संपूर्ण रिकार्ड व अन्य पहलुओं की जांच के आदेश संबंधित जिला एसपी, रेंज आईजी व आरएसी के अधिकारियों को दे दिए हैं। पहले चरण की भर्ती के सफल अभ्यर्थी वर्तमान में ट्रेनिंग में चले गए हैं, उनके भी रिकार्ड व अन्य संबंधित पहलुओं की जांच की जाएगी।

क्या-क्या जांच होगी:

-फार्म भरते समय अभ्यर्थी द्वारा किए गए हस्ताक्षर व दी गई जानकारी
-प्रवेश पत्र में हस्ताक्षर
-लिखित परीक्षा के समय उसकी लिखावट
-शारीरिक परीक्षा के समय के हस्ताक्षर
-इंटरव्यू के दौरान हस्ताक्षर
-शक होने पर पुलिस अधिकारी अभ्यर्थी से लिखित परीक्षा में हल किए गए प्रश्नों व अन्य जानकारियों के बारे में पूछताछ करेंगे।

प्रत्येक चरण में 1300 : वित्त वर्ष 2007-08 में भर्ती के लिए चार चरण निर्धारित किए गए थे। प्रत्येक चरण में 1300-1300 पुलिसकर्मियों की भर्ती की जानी है। दो चरण पूरे हो चुके हैं, जबकि जयपुर शहर में तीसरा चरण चल रहा है। जयपुर ग्रामीण सहित कई जिलों में तीसरा चरण पूरा हो चुका है। चौथे चरण की भर्ती जून तक की जानी है।

पहला चरण: 2 जुलाई 07 को 18 जिलों एवं यूनिट में भर्ती के आदेश जारी किए गए थे। लिखित परीक्षा 2 सितंबर हो हुई थी।
दूसरा चरण: 16 जिलों में भर्ती के आदेश जारी किए गए। लिखित परीक्षा 28 अक्टूबर को हुई।
तीसरा चरण: 8 जिलों के लिए 12 नवंबर को सूचना निकाली गई। लिखित परीक्षा 6 जनवरी को हुई थी।
चौथा चरण: भर्ती होनी शेष है, जो जून तक की जाएगी।

‘‘जयपुर में पकड़े गए फर्जी अभ्यर्थियों के बाद राज्य के सभी जिलों के पुलिस अधिकारियों को दिए गए आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि भविष्य में ऐसा फर्जीवाड़ा रोकने के लिए फार्म भरते समय से ही पूरी सतर्कता के साथ कदम उठाए जाएं।
—ओमेंद्र भारद्धाज, अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक मुख्यालय, राजस्थान





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: