मुम्बई.अनिल अंबानी ने अपने भाई मुकेश को पछाड़ते हुए मुम्बई ट्रांस हार्बर सी लिंक प्रोजेक्ट अपने नाम कर लिया है। राज्य के सार्वजनिक उपक्रम मंत्री अनिल देशमुख ने संवाददाताओं को बताया कि इस परियोजना के लिए मुकेश अम्बानी के रिलायन्स इंडस्ट्रीज लिमिटेड के नेतृत्व वाले एक अन्य समूह ने भी निविदा भरी थी जिसकी पेशकश कम आकर्षक पाई गई।
देशमुख ने बताया कि समुद्र पर बनने वाली विश्व की इस दूसरी सबसे बड़ी पुल एवं सड़क परियोजना का निर्माण कार्य आगामी दिसम्बर में शुरू होने की आशा है। परियोजना अगले पांच वर्ष में पूरी की जाएगी। इसके अंतर्गत शिवरी से नवी मुम्बई के न्हावा तक के लिए अरब सागर के ऊपर सड़क बनाई जाएगी। इसकी लागत छह हजार करोड़ रुपए है।आठ लेन वाले इस पुल का नाम ‘जेआरडी टाटा ब्रिज’ रखे जाने का निर्णय पहले ही हो चुका है। परियोजना ‘बिल्ड और ऑपरेट एंड ट्रांसफर’ के सिद्धांत पर पूरी की जाएगी।
अनिल धीरुभाई अम्बानी समूह को यह हाल में मुम्बई में शुरू की गई परियोजनाओं में से मिला दूसरा बड़ा ठेका है। यहां घाटकोपर से वर्सोवा तक के लिए मेट्रो-वन परियोजना का ठेका भी इसी समूह को मिला है।