अजमेर. सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने के लिए पुलिस की मदद ली जाती है लेकिन अगर पुलिस ही अतिक्रमणकारी हो और जमीन भी पुलिस के एक महकमे की हो तो ? पुलिस के खुफिया विभाग सीआइडी इंटेलिजेंस को नगर परिषद से मिली जमीन पर निर्माण से पहले ही यातायात पुलिस ने कब्जा कर लिया।
नगर परिषद ने कोतवाली थाने के सामने यातायात पुलिस दफ्तर परिसर में 62 गुना 128 वर्ग फीट भूखंड इंटेलिजेंस को उनकी मांग के अनुरूप दफ्तर के लिए अलॉट किया है। बुधवार को जिला पुलिस ने जेसीबी से भूमि समतल करवा कर उस पर मोटर व्हीकल एक्ट के तहत जब्त किए वाहन खड़े कर दिए। जानकारी मिलने पर इंटेलिजेंस के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गजानंद वर्मा ने जिला एसपी आनंद श्रीवास्तव से मिलकर उन्हें वस्तुस्थिति से अवगत कराया है।
इसलिए चाहिए जमीन
इंटेलिजेंस का दफ्तर नया बाजार स्थित अकबरी किले के बाहरी हिस्से में है। किला पुरातत्व विभाग, भारत सरकार और राजस्थान सरकार की संपत्ति है। किले का हैरिटेज की दृष्टि से जीर्णोद्धार चल रहा है। दोनों सरकारों के विभागों ने इंटेलिजेंस को दफ्तर खाली करने के आदेश दिए हैं। प्रस्तावित जमीन पर इंटेलिजेंस का दफ्तर बनना है।
क्या है वास्तविकता
12 दिसंबर, 2007 को हुई नगर परिषद की साधारण सभा में इंटेलिजेंस को भूखंड देने का प्रस्ताव पारित हुआ। दो विकल्प रखे गए। आरक्षित दर पर भूखंड लेना है, तो परिषद स्तर पर दे दिया जाएगा और नि:शुल्क लेना है, तो स्थानीय निकाय विभाग से लिखवाकर भिजवा दें। इंटेलिजेंस ने 22 दिसंबर को संभागीय आयुक्त दीपक उप्रेती को पत्र लिखकर वस्तुस्थिति से अवगत कराया। डीसी को ब्ल्यूप्रिंट दे दिया गया। नि:शुल्क आवंटन की प्रक्रिया राज्य सरकार के समक्ष विचाराधीन है।
बिल्डिंग के लिए 35 लाख मंजूर हैं..
हां, नगर परिषद ने इंटेलिजेंस को जमीन आवंटन का प्रस्ताव पारित किया है। भारत सरकार की ओर से मिलने वाली राशि में से पैंतीस लाख रुपए भवन निर्माण के लिए मंजूर भी किए गए हैं। मेरी जानकारी में आया है कि जिला पुलिस ने आवंटित भूमि पर कुछ काम किया है। मैं जिला एसपी से बात करूंगा।’
-जंगा श्रीनिवास राव, आइजी, सीआइडी इंटेलीजेंस
फिलहाल फैसला नहीं
सीआइडी जोन के दफ्तर के लिए सरकार ने भूमि का आवंटन नहीं किया है। यातायात पुलिस के भवन के लिए भी भूमि की जरूरत है। सीआइडी जोन के अफसरों ने जिला पुलिस से इस बारे में बातचीत की है, लेकिन फिलहाल कोई फैसला नहीं किया गया है।
- बहादुर सिंह राठौड़, एएसपी