HomeNewsMadhya PradeshGwalior Gwalior

सुरक्षा मिली, आज से होगा प्रदर्शन

ग्वालियर. दुनियाभर में रिलीज होने के छह दिन बाद फिल्म जोधा-अकबर यहां के सिनेमाघरों में गुरुवार को प्रदर्शित होगी। पुलिस प्रशासन ने फिल्म प्रदर्शन के लिए सुरक्षा देने का आश्वासन दिया है। पुलिस अफसरों के मुताबिक फिल्म प्रदर्शन के दौरान सिनेमाघरों पर पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा।

फिल्म जोधा-अकबर के प्रदर्शन के दौरान पुलिस सुरक्षा न दिए जाने पर ग्वालियर सिनेमा प्रदर्शक संघ ने प्रशासन को अल्टीमेटम दिया था कि 48 घंटे में सुरक्षा नहीं दी गई तो शहर के सिनेमाघरों पर ताले डाल दिए जाएंगे। संघ के अल्टीमेटम की अवधि बुधवार की शाम को समाप्त हुई।

संघ के पदाधिकारियों का प्रतिनिधिमंडल दोपहर कलेक्ट्रेट पहुंचा और एडीएम वेदप्रकाश को ज्ञापन देते हुए फिल्म प्रदर्शन के लिए सुरक्षा देने की मांग की। एडीएम ने संघ के पदाधिकारियों को आश्वासन दिया कि आज शाम तक उनके सिनेमाघरों को सुरक्षा दे दी जाएगी।

बताया जाता है इस आश्वासन के बाद सिनेमाघरों की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात भी किए गए लेकिन यह सुरक्षा प्रबंध अपर्याप्त थे इसलिए फिल्म का प्रदर्शन गुरुवार की दोपहर 12 बजे तक के लिए टाल दिया गया।

सुरक्षा के अतिरिक्त इंतजाम : इंदरगंज थानाक्षेत्र में आने वाले यादव सिनेमा और विश्वविद्यालय थानाक्षेत्र में स्थित गोल्ड (सालासर) में अतिरिक्त पुलिस फोर्स तैनात किया जाएगा। इन सिनेमाघरों पर वज्र वाहन तैनात करने के भी निर्देश दिए गये हैं।

उल्लेखनीय है कि क्षत्रिय महासभा ने आरोप लगाया है कि फिल्म जोधा-अकबर में जोधा के चरित्र को तोड़मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है जिससे वे आहत हैं। फिल्म का प्रदर्शन रोकने के लिए क्षत्रिय महासभा के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को फिल्म रिलीज होने के बाद यादव और गोल्ड सिनेमा पर प्रदर्शन करते हुए तोड़फोड़ की थी। इसके बाद सिनेमाघर संचालकों ने फिल्म प्रदर्शन के लिए पुलिस से सुरक्षा मांगी थी। पुलिस अफसरों के सुरक्षा देने से इनकार करने के बाद फिल्म का प्रदर्शन नहीं हो पा रहा था।

विरोध जारी रहेगा : अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा (युवा) की बुधवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया है कि फिल्म जोधा-अकबर पर प्रतिबंध न लगने तक उसका विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष राजीव सिंह भदौरिया, राष्ट्रीय महामंत्री सुरेन्द्र सिंह तोमर, संभागीय अध्यक्ष जयसिंह सेंगर आदि मौजूद थे।

>> फिल्म जोधा-अकबर का प्रदर्शन जिन सिनेमाघरों में किया जा रहा है उनमें गुरुवार को पुलिस सुरक्षा प्रदान कर दी जाएगी। फिल्म प्रदर्शन के दौरान हिंसक प्रदर्शन करने वालों के आर्म्स लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।
वीके सूर्यवंशी, एसपी ग्वालियर





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: