News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर.
शहर के बेरोजगारों से एक करोड़ रुपया ठगने वाले रैकेट के पार्टनर को बहोड़ापुर पुलिस ने मंगलवार की शाम को जलालपुर तिराहे पर गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार पार्टनर का कहना है कि ठगी का पूरा रुपया रैकेट के सरगना देवेन्द्र प्रताप सिंह के पास ही है। फिलहाल पुलिस इसकी बातों पर भरोसा नहीं कर रही है।
जानकारी के अनुसार, टीआई बहोड़ापुर अशोक भदौरिया को सूचना मिली थी कि ठगी रैकेट का पार्टनर ओमी राय ग्वालियर आया हुआ है। इस सूचना पर ओमी के घर पर दबिश दी गई और उसके परिवार से पूछताछ की गई तो पता चला कि ओमी राय आया जरूर था लेकिन पुलिस के आने से पहले ही निकल गया।
इस सूचना पर शहर से बाहर निकलने वाले सभी रास्तों पर नाकाबंदी की गई तो जलालपुर तिराहे पर ओमी राय पुलिस के हाथ आ गया। ओमी राय जीप में सवार होकर शहर छोड़कर निकलने वाला था। ओमीराय शहर में क्यों आया, इस पर उसका कहना था कि पुलिस दिनरात उसके परिजनों को परेशान कर रही थी। इसलिए वह अपने परिवार का पक्ष न्यायालय में रखने के लिए वकील तय करने आया था।