News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. शैलेंद्रनगर स्थित जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय परिसर में मंगलवार रात 10 बजे नशे की हालत में हुड़दंग करते पांच युवक पकड़े गए। आरोपी युवक समीरदास, मोइनुद्दीन, अनिल मिश्रा, सोनू सिंह और पुरुषोत्तम रमोले के खिलाफ सार्वजनिक जगह पर शराबखोरी के मामले में पुलिस एक्ट की धारा 48 (1) के तहत कार्रवाई की गई है। युवक शैलेंद्रनगर, टैगोरनगर के रहने वाले हैं।
कल रात एसपी अमित को किसी ने फोन सूचना दी कि डीओ आफिस में घुसकर कुछ युवक नशे की हालत में हुड़दंग कर रहे हैं। पुलिस फोर्स के साथ एसपी मौके पर पहुंचे। नशे में चूर युवकों को जश्न मनाते देखकर अफसर दंग रह गए।
मौके पर पुलिस के पहुंचते ही युवकों के बीच भगदड़ मच गई। तीन युवकों को घेरकर पकड़ लिया गया और दो को दौड़ाकर दबोचा गया। बाद में उन्हें कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया। युवकों के डाक्टरी मुलाहिजे के बाद उनके खिलाफ कोतवाली थाने में सार्वजनिक स्थल पर शराब सेवन करने का जुर्म दर्ज किया गया।
बताते हैं, घटना के समय डीओ आफिस में चौकीदार मौजूद था, लेकिन युवक धमका कर भीतर घुस गए थे। अफसरों को काफी दिनों से शिकायत मिल रही थी कि डीओ आफिस काफी दिनों से शराबखोरी का अड्डा बना हुआ है। रिहाइशी इलाके में देर रात तक हुड़दंग से आसपास के लोग काफी से हलाकान थे।