HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

जेलब्रेक पर हंगामा

रायपुर. दंतेवाड़ा जेलब्रेक के मुद्दे पर विधानसभा में बुधवार को जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों ने काम रोको प्रस्ताव लाकर इस मुद्दे पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की। नारेबाजी करते हुए गर्भगृह तक पहुंचने वाले 19 विधायकों को आखिरकार अध्यक्ष ने एक दिन के लिए निलंबित कर दिया।

प्रश्नकाल समाप्त होने के बाद कांग्रेस विधायक मोहम्मद अकबर ने इस मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि 16 दिसंबर को 298 कैदी भाग गए जिनमें 105 नक्सली थे। सुरक्षा के लिए बार-बार सचेत करने के बावजूद दंतेवाड़ा जेल की सुरक्षा के ठोस इंतजाम नहीं कराए गए। इसलिए इस गंभीर मुद्दे पर सदन की अन्य कार्यवाही रोककर चर्चा कराई जाए। उसके बाद भूपेश बघेल, धर्मजीत सिंह व शक्राजीत नायक समेत अन्य कांग्रेस विधायकों ने यही मांग दोहराई।

नेता प्रतिपक्ष महेंद्र कर्मा ने बताया कि वहां किस तरह अफसरों और नक्सलियों की मिलीभगत थी। उन्होंने कहा कि नक्सलियों ने सुनियोजित तरीके से घटना को अंजाम दिया। नक्सली नेता सुजीत कुमार को जेल के अफसर पूरी मदद कर रहे थे। यहां तक कि जेलर ही उसका बिस्तर भी लगाते थे। पूरे मामले को पुलिस और जेल प्रशासन ने काफी हल्के से लिया।

उन्होंने कई उदाहरण देते हुए बताया कि कैदियों को उनके परिजनों ने ही वापस जेल पहुंचाया। पुलिस ने भागे हुए कैदियों को पकड़ने में तत्परता नहीं दिखाई। श्री कर्मा ने यह भी बताया कि जेल से थोड़ी दूर पर उनका खेत है। उस खेत पर ही कई कैदी रात भर सोए रहे। पुलिस उनको पकड़ना तो दूर, खोजने भी नहीं पहुंची। कुल 15 विधायकों ने स्थगन प्रस्ताव की सूचना इस मामले में दी।

विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे ने विधायकों की सूचना के आधार पर सरकार से अपना पक्ष रखने कहा। गृहमंत्री के जवाब से असंतुष्ट कांग्रेस विधायकों ने इस प्रस्ताव पर तत्काल चर्चा कराने की मांग की। आसंदी ने इसकी अनुमति नहीं दी। इससे नाराज कांग्रेस विधायकों ने गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग को लेकर नारे लगाने शुरू कर दिए। उन्होंने गृहमंत्री पर नक्सलियों से संबंध होने का भी आरोप लगाया।

सरकार के संरक्षण में घटना होने का आरोप भी लगाया। कांग्रेस विधायक काफी देर तक सदन के भीतर नारे लगाते रहे। इस दौरान आसंदी पर बैठे विधानसभा उपाध्यक्ष बद्रीधर दीवान ने ग्राह्यता पर अपनी बात रखने के लिए कांग्रेस विधायकों से कहा, लेकिन वे काम रोककर चर्चा कराने की मांग पर अड़े रहे। नारे लगाते हुए जैसे ही कांग्रेस विधायकों ने गर्भगृह में प्रवेश किया, सदन की कार्यवाही 10 मिनट के लिए स्थगित कर दी गई।

दोबारा कार्यवाही शुरू होने पर कांग्रेस विधायकों ने फिर नारे शुरू कर दिए। इस दौरान श्री दीवान ने सभी 19 विधायकों के निलंबन की घोषणा की। उन्हें दिनभर की कार्यवाही से निलंबित कर दिया गया। एनसीपी विधायक नोबेल वर्मा ने इस मामले में सदन से वाकआउट किया। कांग्रेस विधायकों के निलंबन के बाद उन्होंने ग्राह्यता पर चर्चा की। उन्होंने फिर मांग दोहराई कि काम रोककर चर्चा कराई जाए। विधानसभा उपाध्यक्ष ने कामरोको प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया।

जेलों की सुरक्षा में पुलिस तैनात : नेताम
गृहमंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि जेलब्रेक के लिए जिम्मेदार अफसरों और कर्मचारियों के खिलाफ राज्य सरकार ने तत्काल कार्रवाई की है। जेलर को गिरफ्तार कर लिया गया है। जेल उप महानिरीक्षक, एक सहायक जेलर, दो मुख्य प्रहरी और दो प्रहरियों को निलंबित किया गया है।

उन्होंने स्वीकार किया कि जहानाबाद जेलब्रेक के बाद कैदियों को अन्य जेलों में स्थानांतरित करने के निर्देश दिए गए थे लेकिन दंतेवाड़ा जेल के जेलर ने आदेश का पालन नहीं किया। उन्होंने कहा कि घटना के बाद से सभी जेलों की सुरक्षा के विशेष उपाय किए गए हैं। जेलों की सुरक्षा के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। जेल विभाग के आला अफसर आकस्मिक निरीक्षण कर रहे हैं। जिला स्तर पर फ्लाइंग स्क्वाड का गठन किया गया है।

सरकार तैयार हुई तो विपक्षी नहीं माने
शोरगुल के दौरान संसदीय कार्यमंत्री अजय चंद्राकर ने कांग्रेस विधायकों से कहा कि सरकार इस मुद्दे पर चर्चा कराने तैयार है पर पहले अनुपूरक मांगों पर चर्चा करा ली जाए। उन्होंने कहा कि विधानसभा नियमावली के तहत काम रोको प्रस्ताव के बाद कोई अन्य विषय नहीं लिया जा सकता इसलिए स्थगन पर चर्चा के पहले अनुपूरक मांगों को पारित कर लिया जाए। कांग्रेस विधायक मंत्री के बयान से सहमत नहीं हुए । वे तत्काल चर्चा चाहते थे। श्री चंद्राकर ने नियम पढ़कर सुनाया फिर भी कांग्रेस विधायक शांत नहीं हुए।

निलंबित विधायक
महेंद्र कर्मा, भूपेश बघेल, मोहम्मद अकबर, नंदकुमार पटेल, रविंद्र चौबे, सत्यनारायण शर्मा, रामचंद्र सिंहदेव, धर्मजीत सिंह, उदय मुदलियार, हरिदास भारद्वाज, शक्राजीत नायक, राजकमल सिंघानिया, शिव डहरिया, रामपुकार सिंह, रामदयाल उइके, बोधराम कंवर, गणोशशंकर वाजपेयी, अमरजीत भगत और बलराम सिंह ठाकुर।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: