HomeNewsChhattisgarhRaipur Raipur

शिक्षाकर्मियों पर पानी की बौछार

रायपुर. teachers शिक्षक बनाने की मांग को लेकर विधानसभा कूच कर रहे शिक्षककर्मियों ने आज स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के पास जमकर प्रदर्शन किया। उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने वाटर केनन से पानी की तेज बौछार की, जिससे थोड़ी देर के लिए वहां अफरातफरी मची रही। बाद में उन्होंने चक्काजाम कर दिया।

नियमित शिक्षकों की तरह शिक्षाकर्मियों के ट्रायबल और शिक्षा विभाग में संविलियन की मांग को लेकर आंदोलनरत शालेय शिक्षाकर्मी संघ ने बूढ़ातालाब के सामने जमकर प्रदर्शन किया। वे संघ के कार्यकारी अध्यक्ष संजय तिवारी के साथ धरना स्थल से दोपहर 2 बजे विधानसभा कूच करने निकले।

पुलिस ने शिक्षाकर्मियों को श्याम टाकीज के पास बेरीकेड्स लगाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन नारेबाजी करते हुए बेकाबू भीड़ बेरीकेड्स तक पहुंच गई। वहां मौजूद पुलिस अफसरों की समझाइश का भी उन पर कोई असर नहीं हुआ।

बौखलाई पुलिस ने लाठियां लहराते हुए वाटर केनन ‘वरुण’ से पानी की बौछार की। इससे वहां अफरातफरी मच गई। पानी के तेज प्रहार से बचने शिक्षाकर्मी इधर-उधर भागने लगे। इसकी चपेट में आने वाले कुछ शिक्षाकर्मी गिर पड़े। जैसे ही पानी की बौछार रुकी, गुस्साए शिक्षाकर्मियों ने पुरानीबस्ती मार्ग पर चक्काजाम कर दिया और धरने पर बैठ गए।

वहां सरकार और पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। उसके बाद आला अफसरों ने प्रदर्शनकारी शिक्षाकर्मियों को गिरफ्तार करने का ऐलान किया। पुलिस ने पदाधिकारी समेत शिक्षाकर्मियों की भीड़ को घेरे में लिया और गिरफ्तारी की औपचारिकता पूरी होने तक स्पोर्ट्स कांप्लेक्स में उन्हें शाम तक रखा गया। हालात पर नियंत्रण रखने मौके पर एडीएम एके टोप्पो, सिटी एसपी डा. लाल उमेद सिंह, सीएसपी आईएच खान, जीएस बांबरा, बीके उइके समेत कई वरिष्ठ पुलिस अफसर मौजूद थे।

28 से आंदोलनरत
शालेय शिक्षाकर्मी संघ ट्रायबल और शिक्षा विभाग में नियमित शिक्षक की तरह संविलियन की मांग को लेकर 28 जनवरी से धरने पर बैठे हुए हैं। संघ के पदाधिकारियों का कहना है कि दो बार मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह उन्हें संविलियन का आश्वासन दे चुके हैं, लेकिन अब तक इस संबंध में विभागीय कार्रवाई तक शुरू नहीं हुई है।

सूचना के अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी से इस बात का खुलासा होते ही आक्रोशित शिक्षाकर्मियों ने आंदोलन की राह पकड़ ली। पदाधिकारियों ने चेतवानी दी है कि उनकी मांग सरकार जल्द ही पूरी नहीं करेगी तो संघ परीक्षाओं का बहिष्कार भी करेगा।

दो घंटे तक चक्काजाम
शालेय शिक्षाकर्मी संघ के विधानसभा घेराव की चेतावनी की वजह से धरना स्थल पर दिनभर गहमागहमी रही। सुबह से बूढ़ातालाब के सामने वाला मार्ग छावनी में तब्दील हो चुका था। हंगामेदार प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने दोपहर 2 से शाम 4 बजे तक बेरीकेड्स लगाकर पुरानीबस्ती मार्ग रोक दिया। इससे लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ी।

564 शिक्षाकर्मी गिरफ्तार
चक्काजाम कर प्रदर्शन कर रहे शालेय शिक्षाकर्मी संघ के 564 शिक्षाकर्मी गिरफ्तार किए। सीएसपी जीएस बांबरा ने बताया कि लोक सेवक के आदेश की अवहेलना के आरोप में शिक्षाकर्मियों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। बाद में उन्हें मुचलके पर छोड़ दिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: