HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

सांसद के बेटे को शराब ठेकेदार के पंडों ने पीटा

बिलासपुर/तखतपुर. कार से साइड देने को लेकर शुरू हुए विवाद में शराब ठेकेदार के पंडों ने सांसद पुन्नूलाल मोहले के बेटे की पिटाई कर दी। मारपीट में श्री मोहले के पुत्र का सिर भी फट गया और हाथ, पैर में भी चोट आई। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने तीन पंडों को गिरफ्तार कर लिया।

तखतपुर पुलिस के मुताबिक लोकसभा सदस्य श्री मोहले का छोटा पुत्र 19 वर्षीय पप्पू मोहले मंगलवार की रात मार्शल में शांतिपुर गया हुआ था। रात लगभग 9 बजे वह अपने घर वापस लौट रहा था। बेलपान के पास वह सड़क किनारे रुककर कुछ काम कर रहा था।

इसी समय वहां से एक कार में शराब ठेकेदार के पंडे गुजरे। पंडों ने मार्शल किनारे खड़ी करने के लिए उससे गाली-गलौज शुरू कर दी। पप्पू ने इसका विरोध किया। इस पर पंडे तैश में आ गए और कार से नीचे उतरकर उससे धक्का-मुक्की करने लगे। उसने जब इसका विरोध किया तो उन्होंने मिलकर उसकी पिटाई कर दी। पीटने के बाद वे उसे छोड़कर चंपत हो गए।

मारपीट में उसका सिर फट गया और शरीर के कई अन्य हिस्सों में भी चोट आई। वह तुरंत तखतपुर थाने पहुंचा और घटना की रिपोर्ट दर्ज कराई। उसकी रिपोर्ट पर पुलिस ने मारपीट का मामला दर्ज कर शराब ठेकेदार के पंडों संतोष सिंह, नोहर साहू व देवेन्द्र कौशिक को गिरफ्तार कर लिया गया।

समर्थकों ने की पंडों की पिटाई
बुधवार को जब पंडों को पकड़कर थाने लाया गया तो वहां पर बड़ी संख्या में सांसद के समर्थक जमा हो गए थे। जमानती धारा होने के कारण तीनों को मुचलके पर थाने से ही छोड़ दिया गया। इस पर थाने के सामने मौजूद समर्थक तैश में आ गए।

जैसे ही पंडे बाहर निकले, समर्थकों ने उन्हें पकड़कर उनकी पिटाई कर दी। इसके बाद वे उन्हें फिर से थाने ले गए। इस पर पुलिसकर्मियों ने तीनों को फिर से पकड़ा और धारा 151 के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया।

भाजपा नेता के भतीजे की पिटाई, थाने में गहमागहमी
एक भाजपा नेता के भतीजे की पिटाई के बाद देर रात बड़ी संख्या में पार्टी से जुड़े लोग तारबाहर थाने पहुंच गए। शराब भट्ठी के सामने खड़े युवकों ने भट्ठी के सामने ही गाली-गलौज करते हुए युवक की पिटाई कर दी।

घटना की सूचना उसने अपने भाजपा नेता चाचा को दी। इसके बाद कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग तारबाहर थाने पहुंच गए। इस वजह से काफी देर तक थाने में गहमागहमी की स्थिति बनी रही। भाजपा नेता नरेन्द्र कछवाहा का भतीजा दीपक किसी काम से तारबाहर चौक के पास गया हुआ था।

रात लगभग 9 बजे वह अपनी गाड़ी से तारबाहर स्थित शराब भट्ठी के सामने से गुजरा। वहां पर संजय चौहान और हीरा यादव खड़े हुए थे। जैसे ही वह उनके सामने से गुजरा, दोनों ने गाड़ी संभलकर चलाने के लिए कहते हुए उसे गाली दी। इस पर वह रूक गया और उन्हें गाली देने से मना किया। दोनों तैश में आ गए और गाली-गलौज करनी शुरू कर दी।

जब दीपक ने इसका विरोध किया, तो दोनों ने मिलकर उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद वे वहां से चंपत हो गए। घटना की सूचना उसने अपने चाचा और मित्रों को दी। कुछ ही देर में थाने के सामने बड़ी संख्या में भाजपा से जुड़े लोग बड़ी संख्या में पहुंच गए। प्रार्थी की रिपोर्ट पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: