कोटा.
नगर निगम कोटा की ओर से राज्य सरकार को फेरी लगाकर सामान बेचने वाले, कचरा प्रबंधन, होर्डिंग्स और अग्निशमन उपायों से संबंधित चार अलग-अलग प्रस्ताव भेजे गए हैं। राज्य सरकार इन पर मोहर लगाती है तो निगम को कानूनी कार्रवाई के अधिकार मिल जाएंगे। निगम सूत्रों के अनुसार पार्किग कर, व्यावसायिक कर एवं नगरीय कर के संबंध में भेजे गए प्रस्तावों के साथ ही राज्य सरकार को इन चारों विषयों पर भी प्रस्ताव भेजे गए थे। निर्णय के संबंध में इन पर विचार चल रहा है।
आमजन को लाभ मिलेगा
राज्य सरकार को प्रस्ताव तैयार कर भेजे गए है। इनके लागू होने के बाद यातायात व्यवस्था सुव्यवस्थित होगी। इससे आमजन को लाभ मिलेगा।’
—सतीश बारूपाल, आयुक्त निगम
निगम विज्ञापन होर्डिंग्स उपविधियां
लागू होने के बाद वाहनों पर दिखाई देने वाले होर्डिंग्स पर भी टैक्स लगेगा। नगर निगम तय करेगा कि कहां कौनसा होर्डिंग्स लगेगा। होर्डिंग्स के टाइप पर निगम के नियमानुसार किराया तय होंगे। शहर में कहीं भी होर्डिंग्स लगाना आसान नहीं होगा।
क्या होगा असर
शहर में लगने वाले होर्डिंग्स व्यवस्थित होंगे। शहर के सौदर्यीकरण को नई दिशा मिलेगी। होर्डिंग्स का स्वरूप भी बदल जाएगा।
सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं हथलंग उपविधियां
होटल और मैस वालों पर विशेष रूप से यह उपविधियां लागू होंगी। इसके बाद सड़क पर किसी भी प्रकार का कचरा फेंकने पर जुर्माना अदा करना पड़ेगा। उन्हें यह बताना पड़ेगा कि कचरा निस्तारण के लिए उनके पास क्या उपाय हैं।
नगर निगम अग्निशमन उपविधियां
अस्थाई पांडाल, मल्टीप्लेक्स सिनेमा हॉल, मल्टीस्टोरी भवन, फैक्ट्री गोदाम आदि में अग्निशमन उपकरण रखने होंगे। इसमें अग्निशमन विभाग के अधिकारियों से जांच कराने और प्रमाण पत्र लेने की बाध्यता होगी।
क्या होगा असर
भवनों को अधिक सुरक्षित बनाया जा सकेगा। अग्निशमन अधिकारी समय- समय पर इन भवनों व फैक्ट्री गोदामों की जांच कर सकेंगे।
शहर की सूरत बदलने की आस बंधी
ये प्रस्ताव बनेंगे नियम
-फेरी लगाने वालों व बेचने वालों के कल्याणार्थ उपविधियां
- निगम विज्ञापन होर्डिंग्स उपविधियां
-सोलिड वेस्ट मैनेजमेंट एवं हथलंग उपविधियां
-नगर निगम अग्निशमन उपविधियां
क्या होगा इन नियमों में
-नियम बनने के बाद एक नॉन वेंडर जोन व दूसरा वेंडर जोन बनेंगे। नॉन वेंडर जोन में कोई फेरीवाला सामान नहीं बेच सकेगा।
-सभी फेरीवालों के पहचान पत्र बनेंगे। उन्हें निगम की ओर से जगह आबंटित होगी। निगम फेरीवालों का सर्वे कर रहा है।
क्या होगा असर
हर जगह ठेले नहीं दिखेंगे। संकरे बाजार अतिक्रमण से मुक्त होंगे। यातायात व्यवस्था सुगम होगी। इन नियमों का उल्लंघन करने पर फेरीवालों को जुर्माना देना होगा।