नई दिल्ली. बेंगलूरु कॉल सेंटर रेप मामले में गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला देते हुए मिसाल पेश करने का काम किया है। कॉल सेंटर की एक महिला कर्मचारी के साथ बलात्कार के बाद हत्या के मामले में अब कंपनी के प्रबंध निदेशक पर मुकदमा चलाया जाएगा।
वर्ष 2005 में एक कंपनी के कॉल सेंटर की महिला कर्मचारी प्रतिभा मूर्ति के साथ कैब ड्राइवर द्वारा बलात्कार के बाद हत्या के मामले में सुनवाई करते हुए आज सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि कंपनी ने कर्मचारी को पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं कराई थी इस वजह से यह जुर्म हुआ।
सुप्रीम कोर्ट ने निर्देश दिया है कि इस मामले में कंपनी के एमडी सोम मित्तल पर मुकदमा चलाया जाए। सोम मित्तल फिलहाल नैसकॉम के अध्यक्ष हैं। गौरतलब है कि प्रतिभा मूर्ति केस के बाद ऐसे और भी मामले सामने आए हैं। पिछले साल पूना के एक कॉल सेंटर की एक महिला कर्मचारी के साथ भी कैब ड्राइवर द्वारा बलात्कार का मामला सामने आया था।