News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior शिवपुरी. शिवपुरी-श्योपुर जिले की सीमा पर गसवानी के जंगल से अज्ञात डकैत गिरोह ने चार घंटे के भीतर दो अलग-अलग स्थानों से छह लोगों का अपहरण कर लिया लेकिन तीन ग्रामीणों को कुछ देर बाद ही छोड़ दिया। दोनों ही वारदातें मंगलवार की हैं लेकिन पुलिस को इसकी जानकारी आज मिली। तीनों अपहृत शिवपुरी जिले के हैं।
पुलिस अधीक्षक शिवपुरी दिनेशचंद्र शर्मा ने बताया कि बैराड़ के टोरा गांव के निवासी परमाल (40) पुत्र बंशी धाकड़ और सवाराम आदिवासी (25) मंगलवार को अपराह्न् करीब तीन बजे श्योपुर जिले के गसवानी के जंगल में लकड़ी लेने गए थे।
इन ग्रामीणों को पांच सदस्यीय सशस्त्र डकैत गिरोह ने अगवा कर लिया। डकैत परमाल को पकड़ ले गए और सवाराम को एक पेड़ से रस्सी से बांध गए। अभी यह मामला पुलिस को पता लगता उससे पूर्व ही एक और अपहरण की वारदात हो गई।
पुलिस के अनुसार, इस घटना के चार घंटे बाद शाम करीब सात बजे गोवर्धन थानाक्षेत्र के गांव ठेबला के चार ग्रामीणों को डकैतों ने बंदूकों की नोंक पर गसवानी थानाक्षेत्र में पोहरी अनुविभाग की ऊमरी चौकी से चार किमी भीतर जंगल में रोक लिया।
इनमें से दो नरेश (30) पुत्र जगन्नाथ धाकड़, कल्लू (28) पुत्र भौंदू धाकड़ को डकैतों ने छोड़ दिया, जबकि मुरारी (24) पुत्र मित्तल धाकड़ और बाईसराम (26) पुत्र रामजीलाल धाकड़ को डकैत अपने साथ ले गए।
ये सभी ग्रामीण बैलगाड़ी लेकर ऊमरी चौकी से भीतर जंगल में लकड़ी काटने गए थे। रास्ता दिखाने के बहाने सशस्त्र गिरोह के सदस्य पकड़कर ले गए। इस घटना के बाद गांव लौटे ग्रामीणोंे ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने पर देर रात शिवपुरी व श्योपुर जिले की पुलिस ने जंगल में सर्चिग की, पर नतीजा सिफर रहा।
शिवपुरी एसपी दिनेशचंद्र शर्मा ने बताया कि दोनों ही घटनाएं श्योपुर के गसवानी थानाक्षेत्र में घटित हुई हैं, हालांकि अपहृत शिवपुरी जिले के गांवों में निवास करने वाले हैं। अपहरण करने वाले गिरोह का नाम उजागर नहीं हो सका है, क्योंकि सूचीबद्ध गिरोहों से इस डकैत गिरोह के सदस्यों के हथियार एवं शक्ल अलग हैं। सूचना मिलने पर एसपी श्योपुर संजय सिंह भी मौके पर पहुंच गए थे।
एसडीओपी पोहरी अमित वर्मा के अनुसार, डकैत संख्या में पांच थे और मुक्त हुए टोरा गांव के सवाराम आदिवासी व ठेबला गांव के कल्लू व नरेश की बातों से ऐसा लगता है कि अपहरण की वारदातों को एक ही डकैत गिरोह ने अंजाम दिया है। शिवपुरी, श्योपुर जिले की पुलिस समाचार लिखे जाने तक जंगल में र्स्िचग करने में जुटी हुई थी।