HomeNewsMetrosBhopal Bhopal

मप्र में जोधा-अकबर के प्रदर्शन पर रोक

भोपाल.b राजस्थान और कई अन्य राज्यों में जोधा-अकबर फिल्म के विरोध में हो रहे प्रदर्शनों को देखते हुए मध्यप्रदेश में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी गई है। वाणिज्यिक कर विभाग ने शुक्रवार को एक आदेश जारी करते हुए प्रदेश में फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगा दी है।

इस मामले पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को यहां कहा कि यह रोक अस्थायी है। राज्य में जोधा-अकबर फिल्म के प्रदर्शन पर प्रतिबंध नहीं लगाया गया है, बल्कि शांति भंग की आशंका के मद्देनजर उस पर तात्कालिक रूप से रोक लगाई गई है।

श्री चौहान ने कहा कि फिल्म के विरोध में राज्य में कई जगह प्रदर्शन हुए थे, जिसे देखते हुए फिलहाल प्रदर्शन रोका गया है। उन्होंने कहा कि कुछ समय बाद स्थिति की समीक्षा की जाएगी और सब कुछ ठीक रहा तो फिल्म के प्रदर्शन की अनुमति दी जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने यह रोक मप्र सिनेमा (रेग्युलेशन) एक्ट 1952 के तहत लगाई है।

गौरतलब है कि राजस्थान और देश के कुछ अन्य हिस्सों की तरह मध्यप्रदेश में भी क्षत्रिय संगठनों ने ऐतिहासिक तथ्यों को गलत तरीके से प्रस्तुत किए जाने का आरोप लगाते हुए फिल्म के विरोध में प्रदर्शन करके और इस पर प्रतिबंध लगाने की मांग की थी। पूरे प्रदेश में इस फिल्म को लेकर राजपूत समाज आंदोलित है।

समाज का आरोप है कि इस फिल्म में इतिहास को तोड़ मरोड़कर प्रस्तुत किया गया है, जिससे उनकी भावनाओं को ठेस पहुंची है। प्रदेश के कई शहरों में राजपूत समाज ने सिनेमाघरों में जाकर इस फिल्म का प्रदर्शन रोकने की कोशिश की। भोपाल में सरगम टाकीज पर समाज के प्रदर्शन की आशंका को देखते हुए पुलिस तैनात कर दी गई थी। शुक्रवार सुबह पहला शो शुरू होने के पहले ही जिला आबकारी अधिकारी कार्यालय से मिली सूचना के आधार पर शो स्थगित कर दिया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: