इंदौर. हाजिरी रजिस्टर में एक जूनियर शिक्षिका ने सीनियर शिक्षिका की अनुपस्थिति क्या लगा दी स्कूल में बवाल ही मच गया। इधर दोनों शिक्षिकाएं एक-दूसरे के बाल और कपड़े खींच रही थीं उधर प्रधानाध्यापक दोनों को छुड़ाने की कोशिश में लगी हुई थीं। हालत यह थी कि वे बच्चों की तरह एक-दूसरे से लड़ रही थीं और बच्चे बड़ों की तरह उन्हें नहीं लड़ने के लिए कह रहे थे। इसके बाद मामला पुलिस सहित शिक्षा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों तक पहुंचा।
शासकीय अत्रीदेवी मिडिल स्कूल, सुदामा नगर में शिक्षाकर्मी वर्ग- 3 सुनीता चंदेल ने शुक्रवार को हाजिरी रजिस्टर में यहां की सीनियर शिक्षिका कविता अवस्थी के नाम के आगे 16 फरवरी की तारीख में अनुपस्थिति लगा दी। पता चलने पर श्रीमती अवस्थी ने कारण पूछा तो श्रीमती चंदेल बोलीं हम दोनों उस दिन लेट थे। मगर प्रधानाध्यापक मनोरमा मिश्रा ने केवल मेरे नाम के आगे ही अनुपस्थिति लगाई। प्रधानाध्यापक कक्ष में इसी बात से शुरू हुआ विवाद एक-दूसरे को भला-बुरा कहने और मारपीट तक पहुंच गया।
श्रीमती अवस्थी का कहना है कि श्रीमती चंदेल पार्षद सुमनलता वर्मा व समर्थकों को लेकर प्रधानाध्यापिका के पास पहुंचीं। वहीं श्रीमती चंदेल का कहना है श्रीमती अवस्थी व प्राचार्य श्रीमती मिश्रा मेरे क्लासरूम में आइर्ं और मारपीट शुरू कर दी। प्रधानाध्यापिका का कहना है श्रीमती चंदेल न तो समय पर स्कूल आती हैं और न ही ठीक से पढ़ाती हैं। यदि उनसे कुछ कहा जाता है तो वे अपने राजनीतिक संबंधों की धौंस देकर डराने की कोशिश करती हैं। हालांकि पार्षद श्रीमती वर्मा का कहना है कि उन्हें जनप्रतिनिधि होने के नाते बुलाया था इसलिए गई थीं। उन्होंने किसी का पक्ष नहीं लिया और न ही समर्थकों ने अभद्रता की। दोनों शिक्षिकाओं ने एक-दूसरे के खिलाफ प्रकरण दर्ज करने के लिए अन्नपूर्णा थाने में आवेदन दिया है।