HomeNewsMetrosIndore Indore

दुनिया की सबसे बड़ी चाय पार्टी कल

इंदौर.i इंदौर के नेहरू स्टेडियम में 24 फरवरी की शाम दुनिया की सबसे बड़ी चाय पार्टी होगी। इसमें 30 हजार से ज्यादा लोग शहर के विकास का संकल्प लेकर एकसाथ चाय पीएंगे, जो गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी शामिल होगा। इसके साथ इंदौर का अपना एंथम (गान) भी शहर को समर्पित किया जाएगा। श्रेया घोषाल की मखमली आवाज के बीच आतिशबाजी के साथ रिकॉर्ड बनने का जश्न मनेगा।

संवाददाताओं से चर्चा में दैनिक भास्कर के मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ स्टेट हेड अनिल महाजन, इंदौर संस्करण के सीनियर जीएम एच.एस. चुघ एवं संयोजक निशीथ शरण ने कहा यह आयोजन समूह का नहीं बल्कि इंदौर का है, जो हर बाशिंदे के दिल में शहर की तकदीर खुद लिखने का जज्बा जगाने के लिए किया जा रहा है। यह पहला मौका है जब कोई मीडिया समूह किसी महानगर के विकास के लिए इतनी बड़ी योजना क्रियान्वित कर रहा है। दरअसल भास्कर ने इंदौर संस्करण की 25वीं वषर्गांठ को मौजूदा समय में मीडिया की भूमिका को फिर से परिभाषित करने पर ही समर्पित किया है।

दोगुना अधिक से तोड़ेंगे रिकॉर्ड

अब तक दुनिया की सबसे बड़ी चाय पार्टी का रिकॉर्ड जापान के शह निशिओसिटी के नाम है। वहां 2006 में 14 हजार 718 लोग एक चाय पार्टी में शामिल हुए थे। इंदौर दोगुना अधिक से इस रिकॉर्ड को अपने नाम करेगा। इसके लिए दोपहर ढाई बजे से स्टेडियम के सात गेट से प्रवेश शुरू हो जाएगा। हर गेट के लिए अलग रंग के पास हैं। उनके पार्किग स्थल भी अलग-अलग होंगे।

हाथोंहाथ मिलेगा सर्टिफिकेट

पार्टी में गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड के प्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे। वे मौके पर ही संख्या प्रमाणित कर महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा को सर्टिफिकेट प्रदान करेंगे। रिकॉर्ड की घोषणा होते ही राहत इंदौरी द्वारा लिखा गया इंदौर एंथम बजाया जाएगा। इसे राजीव महावीर ने संगीतबद्ध किया है और शंकर महादेवन ने आवाज दी है। फिर श्रेया घोषाल और कृष्णा के गीतों के साथ रिकॉर्ड का जश्न मनाया जाएगा।

इंदौर कायाकल्प कोष में सहयोग

चाय पार्टी वास्तव में शहर के विकास के लिए भास्कर की पहल पर बने ‘इंदौर कायाकल्प कोष’ के लिए धन इकट्ठा करने के उद्देश्य से हो रही है। ब्रुक बांड रेड लेबल और टी बोर्ड ऑफ इंडिया भी इसमें सहयोगी हैं। महाआयोजन के प्रतिभागी स्वेच्छा से जितना चाहे योगदान दे सकेंगे। कोष में अब तक पांच करोड़ रुपए इकट्ठा किए जा चुके हैं। इसकी शुरुआत भास्कर समूह ने 51 लाख रुपए के योगदान से की है।

प्रथम चरण में दस करोड़ के काम कराने का का लक्ष्य है। इसमें गांधी हॉल, रवींद्र नाट्यगृह, नेहरू पार्क और 56 दुकान सहित शहर के नौ पहचान स्थलों का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण होगा। सभी काम 31 मार्च 2009 तक पूरे कर लिए जाएंगे।

मार्केटिंग नहीं सामाजिक दायित्व

आयोजन भास्कर की मार्केटिंग स्ट्रेटेजी का हिस्सा नहीं बल्कि अखबार के सामाजिक दायित्वों के निर्वहन की कोशिश है, जिसे समूचे शहर को साथ लेकर मूर्त रूप दिया जा रहा है। दैनिक भास्कर इंदौर में यह संदेश देना चाहता है कि हर काम के लिए सरकार और प्रशासनिक मशीनरी के भरोसे नहीं रहा जा सकता। शहर की तस्वीर बदलने के लिए हमें अपने हाथों उसकी तकदीर लिखना होगी। दुनिया की सबसे बड़ी चाय पार्टी भी लोगों में शहर के प्रति गौरव का अहसास कराने के लिए की जा रही है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: