News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. खेल एवं युवा कल्याण विभाग ने 24 फरवरी को रायपुर में राज्यस्तरीय मैराथन दौड़ का आयोजन किया है। पुलिस महानिदेशक विश्वरंजन सुबह 8 बजे नगरघड़ी चौक से हरी झंडी दिखाकर स्पर्धा की शुरुआत करेंगे। इसमें 16 जिलों से चयनित 640 महिला-पुरुष धावक हिस्सा लेंगे। स्पर्धा में विजेताओं को कुल 6.86 लाख रुपए के इनाम बांटे जाएंगे।
यह मैराथन दौड़ पुरुष वर्ग के लिए 30 किमी और महिलाओं के लिए 20 किमी की होगी। मैराथन दौड़ नगरघड़ी चौक से शुरू होगी, जो मोतीबाग चौक, महिला थाना, कालीबाड़ी चौक, सिद्धार्थ चौक होते हुए टिकरापारा थाने के सामने से संतोषीनगर, सेजबहार से सलोनी गांव के मोड़ तक पहुंचेगी। महिला धावक नगर घड़ी चौक से 10 किमी तक दौड़ लगाएगी।
इसके बाद धावक वहीं से उसी रोड से वापस नेताजी सुभाष स्टेडियम पहुंचेंगे। समापन समारोह सुबह 11.45 बजे होगा, जिसमें मुख्यअतिथि खेल मंत्री बृजमोहन अग्रवाल विजेताओं को पुरस्कृत करेंगे। अध्यक्षता महापौर सुनील सोनी करेंगे। महिला-पुरुष वर्ग में विजेता को 1-1 लाख रुपए, उपविजेता को 75 हजार, तृतीय को 50 हजार रुपए, चतुर्थ को 25 हजार रुपए, पांचवें को 20 हजार रुपए तथा छठे आने वाले को 15 हजार रुपए का पुरस्कार व प्रमाणपत्र दिया जाएगा।