News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रेलमंत्री लालू प्रसाद यादव की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक गरीब रथ शनिवार 23 फरवरी से छत्तीसगढ़ से भी चलने लगेगी। दोपहर 12.20 बजे रेल राज्यमंत्री नारणभाई जे राठवा इसे प्लेटफार्म नंबर एक से लखनऊ के लिए रवाना करेंगे।
ट्रेन के 12 डिब्बों की रैक आज लखनऊ से रायपुर पहुंची। प्रारंभिक मेंटेनेंस के लिए इसे दुर्ग स्टेशन पर रखा गया। ट्रेन सुबह 11 बजे यह रायपुर आएगी और 12.20 बजे लखनऊ के लिए रवाना होगी। लखनऊ यह दूसरे दिन सुबह 5.05 बजे पहुंचेगी। फिर वहां से यह ट्रेन सोमवार को वापस दोपहर 2.40 बजे रायपुर के लिए रवाना होगी। उद्घाटन अवसर पर श्री राठवा के अलावा वन एवं पर्यटन मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद रमेश बैस, दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे जोन के महाप्रबंधक प्रदीप कुमार, रायपुर मंडल के डीआरएम प्रेम चंद्रा, एडीआरएम एके जग्गनाथन, वरिष्ठ अफसर जगदीश कुमार, वरिष्ठ प्रवक्ता संतोष कुमार और सीनियर डीसीएम एसके सिंह उपस्थित रहेंगे।
गरीब रथ के सभी कोच एसी थ्री क्लास के हैं। ट्रेन कुल 24 बोगियों की है। बची हुई 12 एसी चेयरकार बोगियां बाद में आएंगी। गरीब रथ में लखनऊ का सफर एसी थ्री में 562 रुपए में किया जा सकेगा। अन्य ट्रेनों में यही किराया 877 रुपए है। कानपुर की टिकट 531 रुपए और कटनी की यात्रा 356 रुपए में होगी।
बिलासपुर में स्टापेज
गरीब रथ की स्टापेज लिस्ट में बिलासपुर का नाम नहीं है। फिलहाल कुछ महीनों के लिए इसे बिलासपुर में रोका जा रहा है, लेकिन बाद में यह वहां नहीं जाएगी। इसे बिलासपुर के बजाए दाधापारा से सीधे उसलापुर रवाना किया जाएगा।