News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर.
रविवि प्रशासन पर स्थानीय युवकों को प्राथमिकता नहीं देने के मामले में शहर में लगातार दूसरे दिन बवाल मचा रहा। कल गिरफ्तार किए गए 24 युवकों को आज कोर्ट ने मुचलके पर रिहा कर दिया।
रिहाई के बाद युवक कांग्रेसियों ने आजाद चौक में धरना दिया। धरने में विधायक सत्यनारायण शर्मा, राजकमल सिंघानिया और शिव डहरिया के साथ अमित जोगी भी शामिल हुए। उनके अलावा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष कुलदीप जुनेजा, पार्षद दल के प्रवक्ता प्रमोद दुबे, युवक कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष योगेश तिवारी और एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास उपाध्याय , एनएसयूआई नेता पंकज मिश्रा समेत अन्य नेता शामिल हुए। धरने के बाद कुलपति लक्ष्मण चतुर्वेदी का पुतला जलाया गया।
नेताओं ने कहा कि किसी भी स्थिति में स्थानीय लोगों की उपेक्षा बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुर्गा कालेज के पूर्व छात्र नेता शेख मुशीर ने कुलपति पर आनन-फानन में कार्रवाई करने का आरोप लगाया। नेताओं ने अपने संबोधन में कहा कि कुलपति ने धैर्य से काम लिया होता तो यह स्थिति निर्मित नहीं होती। कार्यकर्ताओं ने 2 मार्च को फिर आंदोलन करने का ऐलान किया है।
एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने जयस्तंभ चौक पर मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह और कुलपति लक्ष्मण चतुर्वेदी का पुतला जलाया। इस दौरान युवकों की पुलिस वालों के साथ झूमाझटकी हुई। पुलिस के खिलाफ नारे लगाते युवक सड़क पर ही धरना देकर बैठ गए। इससे काफी देर तक यातायात प्रभावित रहा। एनएसयूआई के जिला ग्रामीण अध्यक्ष पंकज मिश्रा, व कार्यकारी अध्यक्ष मो. अजीज भिंसरा ने कहा कि राज्य सरकार कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर दमनात्मक कार्रवाई कर रही है। राज्य के ज्यादातर विश्वविद्यालयों में बाहरी कुलपतियों का राज है। वे नियुक्तियों में मनमर्जी कर रहे हैं।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता इकबाल अहमद रिजवी ने कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की निंदा की है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती में पात्र स्थानीय उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। युवक कांग्रेस, एनएसयूआई और छात्र संघर्ष समिति के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को इस मुद्दे को लेकर रविवि में तोड़फोड़ कर दिया था। पुलिस ने 24 कार्यकताओं को गिरफ्तार किया था।
कार्यपरिषद की आपात बैठक
रविवि प्रशासन ने शुक्रवार को कार्य परिषद की आपात बैठक बुलाई। कार्यपरिषद में पूरी भर्ती प्रक्रिया और उससे उपजे हालात पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भर्ती प्रक्रिया में राज्य के एसटी, एससी और ओबीसी के उम्मीदवारों को लिया जाएगा। अनारक्षित वर्ग में देशभर के अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे।
कहीं पे निगाहें, कहीं पे निशाना- कुलपति
रविवि के कुलपति डा. लक्ष्मण चतुर्वेदी ने तोड़फोड़ की कड़ी निंदा की है। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में स्पष्ट किया कि उनके बारे में लोग गलत और भ्रामक प्रचार कर रहे हैं। आंदोलन करके किसी दूसरे मुद्दे को भुनाया जा रहा है। रविवि में जितनी भी नियुक्तियां हुई हैं वे नियम और परिनियम के अनुसार किए गए हैं। प्रोफेसरों के 57 पद भरे जाने हैं। इनमें से 37 से ज्यादा पद स्थानीय एसटी, एससी और ओबीसी के लिए आरक्षित हैं। शेष 20 पदों क लिए यूजीसी के नार्म्स के अनुसार अखिल भारतीय स्तर पर आवेदन मंगाए गए हैं।
जुर्म दर्ज
रविवि में गुरुवार को उत्पात मचाने वाले युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के खिलाफ सरस्वतीनगर थाने में धारा 147, 148, 294, 452 और 427 के तहत बलवा दर्ज किया गया है।