News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. मुख्यमंत्री खाद्यान्न सहायता योजना के तहत गरीबों को बांटे जाने वाले चावल के वजन में गड़बड़ी की शिकायत पर ग्राम मदनपुर में जांच की गई। जांच के बाद गड़बड़ी सामने आने पर पुलिस ने गांव के सरपंच, सचिव व सेल्समेन के खिलाफ जुर्म दर्ज कर लिया है। रतनपुर पुलिस के मुताबिक 16 जनवरी से प्रदेश भर में गरीबों को 3 रुपए किलो में हर माह 35 किलो चावल देने की योजना शुरू की गई थी।
18 जनवरी को ग्राम मदनपुर में योजना के तहत चावल वितरण किया जा रहा था। सोसायटी से चावल लेकर जाने के बाद एक व्यक्ति ने घर में बैग का वजन तौला तो उसमें 35 की बजाय महज 28 किलो चावल ही निकला। उसने इस बारे में गांव वालों को बताया। इसके बाद सभी ग्रामीणों ने तौल करना शुरू कर दिया। कई लोगों को दिए गए बैग में निर्धारित से चावल का कम वजन मिला। इससे ग्रामीण आक्रोशित हो गए। वे समिति वालों के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने रतनपुर थाने पहुंचे।
यहां से पुलिसकर्मियों ने उन्हें लौटा दिया। ग्रामीण लौट गए, लेकिन इस समय तक गांव में बड़ी संख्या में ग्रामीण इसके विरोध में इकट्ठे हो गए थे। आखिरकार ग्रामीणों के विरोध को देखते हुए पुलिस ने प्रशासन को इसकी सूचना दी। इसके बाद विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी थी। जांच के बाद गड़बड़ी सामने आने पर पुलिस ने शुक्रवार को गांव के सरपंच मोहनलाल कोसले, सेल्समेन नरेन्द्र साहू, ग्राम पंचायत सचिव जियालाल नागराज के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3, 7 के तहत अपराध दर्ज कर लिया है।