HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

दो माह खुदे रहेंगे रोड

जयपुर. राजधानी की प्रमुख सड़कों पर बीसलपुर पेयजल योजना की पाइपलाइन डाले जाने से यातायात दो माह तक अस्त-व्यस्त रहेगा। पाइपलाइन बिछाने का काम अप्रैल-मई तक चलेगा। कई जगह एकतरफा यातायात रहेगा। जेएलएन मार्ग पर पाइपलाइन बिछाने का काम शुरू किया जा चुका है। पानीपेच तिराहे से कबीर मार्ग तक का कार्य शुक्रवार को शुरू कर दिया गया। इस कारण पानीपेच से चिंकारा कैंटीन, स्टेशन रोड व कलेक्ट्रेट सर्किल पर जाने वाले यातायात को एकतरफा कर दिया गया है।

एससीएडीए से होगा कंट्रोल

बीसलपुर बांध से जयपुर तक पेयजल सप्लाई को सुपरवाइजरी कंट्रोल एंड डेटा एक्सचेंज सिस्टम से कंट्रोल किया जाएगा। इस पर बीस करोड़ रुपए खर्च होंगे। जयपुर के सभी 70 उच्च जलाशयों को पीएलए सिस्टम से जोड़ा जाएगा।

शहर में बनेंगे पांच पंपिंग स्टेशन

पांच भूमिगत पंपिंग स्टेशन बनाए जाएंगे। इनमें से डेढ़ करोड़ लीटर क्षमता का पंपिंग स्टेशन रामनिवास बाग में बनाया जा चुका है। जवाहर सर्किल पर स्टेशन का काम शुरू हो गया है। इसके अलावा टोंक रोड पर सेंट्रल पार्क, अमानीशाह, मानसरोवर में भूमिगत पंपिंग स्टेशनों का निर्माण कराया जाएगा।

गर्मी के बाद ही मिल पाएगा पानी

राजधानी वासियों को गर्मी के बाद ही बीसलपुर का पानी नसीब हो पाएगा। सितंबर 2008 तक इस योजना के पूरा होने का अनुमान है। बीसलपुर से बालावाला तक पाइपलाइन डालने के बाद जयपुर में काम शुरू कर दिया गया है। जेएलएन मार्ग स्थित जवाहर सर्किल पर भूमिगत पंपिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। जयपुर वासियों को 2016 तक पेयजल की मांग को पूरा करने के लिए बीसलपुर-जयपुर पेयजल परियोजना के पहले चरण में 556 करोड़ रुपए खर्च होंगे।

बीसलपुर बांध से बालावाला तक 105 किमी पाइपलाइन डालने का काम आरयूआईडीपी द्वारा किया जा रहा है। इसमें से 80 किमी तक स्टील पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है। बालावाला में तीन करोड़ लीटर की क्षमता वाले स्वच्छ जलाशय को निर्माण हो चुका है और टेस्टिंग के बाद पीएचईडी को सौंप दिया गया।

बालावाला से टोंक रोड तक करीब साढ़े ग्यारह किमी तक की पाइपलाइन बिछाने का काम किया जा चुका है। जयपुर में जवाहर सर्किल के नजदीक आरयूआईडीपी कार्यालय के बाहर से सर्विस लेन की खुदाई करनी शुरू कर दी गई है। यहां सवा सौ मीटर पाइपलाइन डाली जा चुकी है।

रेलवे से अभी नहीं मिली इजाजत

पीएचईडी को रेलवे ने महेशनगर और महारानी फार्म पर अंडरपास बनाने के लिए अनुमति दी है। सांगानेर, जगतपुरा, दादी का फाटक व खिरणी फाटक पर अंडर पास की इजाजत नहीं मिली है, जबकि इसके लिए रेलवे में पैसा भी जमा करवाया जा चुका है। गौरव टावर व फन किंग्डम पर भी अंडरपास बनाए जाएंगे।

22 दिन देरी से शुरू हुआ काम

जेडीए से रोडकट की अनुमति नहीं मिलने से पाइपलाइन डालने का काम 22 दिन बाद शुरू हुआ, जबकि यह काम एक फरवरी से शुरू होना था। टोंक रोड पर अभी तक रोड कट की अनुमति नहीं मिली है। पाइपलाइन डालने के एक महीने बाद सड़क की मरम्मत होगी।

कहां-कब बिछाई जाएगी पाइपलाइन
जेएलएन मार्ग से रामनिवास बाग

25 फरवरी तक जवाहर सर्किल से गिरधर मार्ग तक
27 फरवरी से 5 मार्च- गिरधर मार्ग से गौरव टावर
6 से 20 मार्च-गौरव टावर से गांधी सर्किल तक
21 मार्च से तीन अप्रैल-गांधी सर्किल से तीन मूर्ति
4 से 15 अप्रैल-तीन मूर्ति से रामनिवास बाग तक

पानीपेच तिराहे से रामनिवास बाग

22 फरवरी से 8 मार्च-पानीपेच तिराहे से कबीर मार्ग
9 से 23 मार्च- कबीर मार्ग से खासाकोठी सर्किल
24 मार्च से 7 अप्रैल-खासाकोठी से अमरापुर तक
8 से 23 अप्रैल-अमरापुर से भगवानदास रोड
24 अप्रैल से 8 मई-भगवानदास रोड से रामनिवास बाग





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: