News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल-32 अब पीजीआई की तर्ज पर इमरजेंसी में मरीज के आते ही पहली प्रिस्क्रिप्शन मुफ्त देगा। इसके लिए हॉस्पिटल प्रशासन ने चंडीगढ़ प्रशासन को प्रपोजल भेज दिया है। प्लान के अनुसार मरीज के आने के बाद डॉक्टर द्वारा लिखी गई पहली दवाइयां, इंजेक्शन, ग्लूकोज या अन्य सामान मरीज को मुफ्त दिया जाएगा। इसके लिए बजट में प्रावधान रखने के लिए भी कहा गया है। यहां इमरजेंसी में रोजाना करीब 100 मरीज लाए जाते हैं।
योजना पैकेज सिस्टम की भी :
जीएमसीएच-32 में पैकेज सिस्टम शुरू करने की योजना भी है, जिसमें ऑपरेशन के लिए पैकेज तय कर दिए जाएंगे।
मरीजों को पैकेज के पैसे देने के बाद अलग-अलग सामान के लिए भागने की जरूरत नहीं पड़ेगी। शुरुआत में मोतियाबिंद के ऑपरेशन के लिए इस पैकेज को शुरू करने की तैयारी कर ली गई है। इसके तहत मरीज तय राशि जमा करवा देगा, जिसके बाद ऑपरेशन कर दिया जाएगा। मरीज के रिश्तेदारों को कोई सामान लाकर देने की जरूरत नहीं होगी। इस सिस्टम के बाद धीरे-धीरे अन्य ऑपरेशंस के लिए भी पैकेज सिस्टम शुरू किया जाएगा।
गेल से जीएमसीएच को भी उम्मीद:
पीजीआई को गैस अथॉरिटी ऑफ इंडिया लि. (गेल) द्वारा 9 लाख रुपए की डोनेशन दिए जाने के बाद जीएमसीएच-32 ने भी पहल की है और गेल ने जीएमसीएच-32 को लैटर भी भेजा है। गेल के दो अधिकारी हॉस्पिटल के डायरेक्टर प्रिंसिपल से मिलने के लिए हॉस्पिटल पहुंच रहे हैं। हॉस्पिटल प्रशासन को उम्मीद है कि गेल मरीजों की बेहतरी के लिए उन्हें भी योगदान देगा।