News
Metros
Chandigarh Chandigarh नालागढ़. हिमाचल पुलिस और विजिलेंस विभाग के अफसरों ने शुक्रवार को हिमाचल प्रदेश के स्टेट ड्रग कंट्रोलर शेर सिंह ठाकुर को नालागढ़ के खेड़ा स्थित प्रोमेड एक्सपोर्ट में 4.72 लाख की रिश्वत राशि सहित धर दबोचा। पुलिस ने ड्रग कंट्रोलर के खिलाफ एंटी करप्शन एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है।
गुप्त सूचना मिली थी डीएसपी नालागढ़ संजीव लखनपाल, नालागढ़ एसएचओ के.डी. खान, बद्दी एसएचओ मदनकांत शर्मा व विजिलेंस इंस्पेक्टर नालागढ़-बद्दी मार्ग पर खेड़ा के पास चैकिंग कर रहे थे कि उन्हें सूचना मिली कि बीबीएन में स्थित फार्मा उद्योगों से दवाओं के सैंपल पास करवाने के नाम पर ड्रग कंट्रोलर फार्मा उद्योगों से रिश्वत ले रहा है।
पुलिस ने उसकी कार नंबर एचपी-14ए-2956 का पीछा किया और जब यह कार प्रोमेड एक्सपोर्ट उद्योग में दाखिल हुई तो पुलिस ने मौके पर जाकर ड्रग कंट्रोलर की तलाशी ली। पुलिस ने उसकी जेबों से 47000, कार में रखे बैग से 75000 और साथ रखे एक लिफाफे से साढ़े तीन लाख बरामद किए हैं।
मामला विजिलेंस के हवाले
डीएसपी नालागढ़ संजीव लखनपाल ने बताया कि मामला जिला विजिलेंस विभाग को सौंप दिया गया है और इसे शनिवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से इसका पुलिस रिमांड मांगा जाएगा। उधर, देर शाम आरोपी शेर सिंह के सोलन स्थित घर कमल कुंज पर विजिलेंस और पुलिस ने छापा मारा, घर में कोई भी सदस्य मौजूद नहीं था। विजिलेंस ने इस घर को सील कर दिया है।