HomeNewsNational National

त्रिपुरा : दोपहर तक 50 फीसदी वोटिंग

अगरतला. त्रिपुरा की 60 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव शनिवार सुबह शुरू हो गए हैं। यहां 1978 से सत्ताधारी लेफ्ट फ्रंट पहली बार अपने सहयोगी फॉरवर्ड ब्लॉक से अलग होकर चुनाव लड़ रहा है। ब्लॉक गठबंधन से अपना हाथ पीछे खींच चुका है।

सुबह 7 बजे से शुरू हुई वोटिंग के बाद आंकड़े जारी किए गए हैं कि दोपहर तक राज्य में 50 फीसदी मतदान हुआ है और हिंसा का कोई समाचार नहीं है।

पूरे राज्य में सुरक्षा के भारी इंतजाम किए गए हैं। भारतीय वायु सेना के चार हैलीकॉप्टर पहाड़ी, दूरस्थ और घुसपैठ प्रभावित इलाकों पर नजर रख रहे हैं। शहरी क्षेत्रों में मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी लाइनें होने की खबरें हैं जबकि पहाड़ी और जनजातीय इलाकों से महिलाएं पारंपरिक परिधान में बूथों पर पहुंच रही हैं।

मुख्य चुनाव अधिकारी जी एस जी अयंगर ने कहा कि स्वतंत्र और सही तरीके से चुनाव कराने के लिए सभी इंतजाम किए गए हैं। चुनाव आयोग के निर्देश पर ईवीएम द्वारा वोटिंग कराई जा रही है। पूरे राज्य में सुबह सात बजे से वोटिंग शुरू हो चुकी है।

चुनाव के लिए 16 हजार चुनाव अधिकारी और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। प्रत्येक चुनाव अधिकारी के लिए 2 लाख रुपए का जीवन बीमा करवाया गया है। पहली बार रिकॉर्ड 60 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं जिनमें बीएसएफ, सीआरपीएफ और इंडो-तिब्बतन बॉर्डर पुलिस के जवान शामिल हैं। 2372 मतदान केंद्रों में से 550 को संवेदनशील घोषित किया गया है।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: