पटना/अकोला. पिछले कुछ दिनों से रक्षकों के भक्षक बनने की खबरें आ रही हैं। आज अकोला में एक विवाहिता ने शिकायत दर्ज कराई है कि पुलिस कॉंस्टेबल ने उसका शीलभंग करने की कोशिश की। वहीं, बिहार में पुलिस कस्टडी से छीनकर एक आरोपी को बुरी तरह पीटा गया।
अकोला में एक एफआईआर के मुताबिक कॉंस्टेबल प्रदीप बोडाडे पर आरोप लगाया गया है कि वह एक महिला को घर में अकेला पाकर अंदर घुस गया और उसने विवाहिता के साथ बलात्कार करने की कोशिश की। पीड़िता ने कहा है कि उसके चिल्लाने पर पड़ोसियों ने उसे बचाया।
दहीनाड़ा पुलिस थाने के इस कॉंस्टेबल ने भागने की कोशिश की लेकिन भीड़ ने उसे पकड़ लिया। लोग इस पुलिसकर्मी को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की है।
दूसरी तरफ, बिहार में एक कैदी को पुलिस कस्टडी से छीनकर जवानों की मौजूदगी में भीड़ ने अपने गुस्से का शिकार बनाया और पुलिस मूकदर्शक बनी देखती रही। हत्या के आरोपी रवि कुमार को भीड़ ने बुरी तरह से पीटा।
इस घटना के तुरंत बाद वैशाली के एसपी पारसनाथ ने थाना इंचार्ज एसएन राम को सस्पेंड कर दिया। उन्होंने चार होमगार्डो को बर्खास्त किए जाने की भी सिफारिश की है जो घटना के वक्त रवि कुमार के साथ मौजूद थे।
गौरतलब है कि कुछ दिनों पहले ही चंडीगढ़ और कानपुर से भी ऐसी खबरें आ चुकी हैं। चंडीगढ़ में राजभवन परिसर में कथित रूप से एक सुरक्षा गार्ड ने महिला के साथ बलात्कार किया और इससे पहले कानपुर में आरपीएफ के जवानों ने इंसानियत को शर्मसार करते हुए 12 साल की बच्ची को अपनी हवस का शिकार बनाया।
संबंधित खबरें
* बिहार : भीड़ ने पुलिस के सामने कैदी को पीटा
* हरियाणा के गवर्नर हाउस में तैनात कमांडो ने किया गैंगरेप
* इंसानियत शर्मसार : मासूमों के साथ बलात्कार