News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. ठगी का मुख्य आरोपी प्रवीण कर अब भी फरार है। पुलिस ने उसके कमीशन एजेंट जेपी साहू (32) और डेनियल गार्डिया (24) को दबोच लिया। उन्हें कोर्ट दाखिल कर, वहां से जेल भेजा दिया। इस मामले में प्रवीण के सहयोगी प्रदीप डड़सेना से पुलिस पूछताछ कर रही है। आरोपी जेपी साहू कुम्हारपारा महासमुंद का रहने वाला है। वहां यह ठेकेदारी करते हुए कुछ महीनों से प्रवीण के लिए दर्जनभर से ज्यादा बेरोजगारों को फंसाया था। पकड़े जाने के बाद आरोपी शुरू में इंकार करता रहा, लेकिन थोड़ी सख्ती करने पर टूट गया। टिकरापारा निवासी डेनियल को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी, आज उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया।
सिविल लाइंस पुलिस ने बताया कि ठगी के शिकार युवक लगातार थाने पहुंचकर शिकायत कर रहे हैं। इससे यह मामला 60 लाख से बढ़कर अब एक करोड़ रुपए से ज्यादा का हो सकता है। पीड़ित युवकों की संख्या भी बढ़कर 70 हो गई है। आज कसडोल के तीन और पीड़ितों ने थाने में शिकायत की। उनसे आरोपियों ने 18 लाख रुपए से ज्यादा वसूले हैं। सीताराम और उसके चार-पांच साथियों को शिक्षाकर्मी की नौकरी लगाने के नाम पर 10 लाख 80 हजार रुपए की चपत लगाई। इसी तरह रोशन वर्मा से दो लाख पांच हजार और सुखराम पैकरा से पांच लाख 25 हजार रुपए वसूले थे। गौरतलब है कि फरार मुख्य आरोपी की लोकेशन भुवनेश्वर में मिली है। इस आधार पर पुलिस पार्टी उसे उड़ीसा में तलाश कर रही है। वह आईएएस अफसर बनकर बेरोजगारों को नौकरी लगाने का झांसा दिया करता था।