अजमेर. युवाओं में पॉप सांग्स का क्रेज बरकरार है। यही वजह है कि इन एलबमों की डिमांड लगातार बढ़ती जा रही है। मेरे भी दो एलबमों की शूटिंग जल्द ही शुरू होने वाली है। ये डेढ़ महीने में रिलीज होंगे। यह बात वॉयस ऑफ इंडिया फेम तोषी खान ने शनिवार को दरगाह जियारत के बाद खबरनवीसों से बातचीत में कही। खान ने कहा कि, उनकी जल्द ही दो नई फिल्में भी रिलीज होने वाली हैं। इन फिल्मों की सफलता से उन्हें बहुत आशाएं हैं।
उन्होंने कहा कि ‘वॉयस ऑफ इंडिया’ और ‘इंडियन आइडल’ जैसे शो से नए कलाकारों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। इन शो के माध्यम से देश के विभिन्न हिस्सों से नई-नई प्रतिभाएं सामने आई हैं। उन्होंने कहा कि शो में जजों का आपस में टकराव कोई नई बात नहीं है। उन्होंने फिल्म ‘जन्नत’ और ‘द हीरोज’ में गीत भी गाए हैं।
कव्वालियों पर झूमे
खान ने अलसुबह चार बजे भाई शारिब के साथ दरगाह जियारत को पहुंचे। उन्होंने शाहजहांनी मस्जिद में फज्र की नमाज अदा की। उसके बाद आस्ताना-ए-आलिया में अकीदत का नजराना पेश कर मन्नत मांगी। उन्हें सैयद फख्र जमाली ने जियारत कराई।
वह पांयती दरवाजे के सामने महफिल-ए-समां में शरीक हुए और सूफियाना कलामों पर झूमे। तोषी मुंबई में उनके साथ घटित हादसे के बाद पहली बार जियारत के लिए पहुंचे। उन्होंने इन परेशानियों को दूर करने के लिए दरगाह में दुआ भी मांगी।