उदयपुर.
लेकसिटी के इतिहास में केंद्रीय मंत्री प्रफुल्ल पटेल की बेटी की ऐसी बड़ी शादी है जिसमें राजनीति और फिल्म जगत के ढेरों सितारों की चहल-पहल है। शाही शादियों के लिए पूरे विश्व में प्रसिद्ध उदयपुर में उद्योग-राजनीति-फिल्म-खेल-मीडिया जगत की इतनी हस्तियां एक साथ पहली बार आई हैं। इस तरह के भव्यतम आयोजनों से टूरिस्टों के साथ ही उदयपुर बिजनेस टायकून की पसंद भी बनता जा रहा है।
केंद्रीय नागरिक उड्डयनमंत्री प्रफुल्ल पटेल की बेटी नियति और कोलकाता के उद्योगपति उत्सव पारीख के पुत्र समर्थ का विवाह तो रविवार को होगा लेकिन मेहंदी की रस्म, महिला संगीत सहित अन्य आयोजनों में शिरकत करने के लिए शनिवार की सुबह से ही विमानतल पर एक के बाद एक उतरे विमानों से हस्तियों का आगमन शुरू हो गया था। केंद्रीय मंत्री श्री पटेल सपत्नीक एवं निकटस्थ मित्रों के साथ मेहमानों की अगवानी में जुटे हुए थे। मेहमानों को होटलों तक पहुंचाने के लिए गाड़ियों और सिक्यूरिटी का तगड़ा इंतजाम था।
शेखावत और वसुंधरा आज आएंगे
पूर्व उपराष्ट्रपति भैरोंसिंह शेखावत तथा मुख्यमंत्री वसुंधराराजे रविवार को विवाह समारोह में शिरकत करेंगे। शेखावत 24 फरवरी को सुबह विमान से आकर सीधे नाथद्वारा जाएंगे। दोपहर 2 बजे उदयपुर लोटेंगे। अपराह्न् 3 बजे साहित्य अकादमी के कार्यक्रम में भाग लेंगे। शाम को विवाह समारोह में शरीक होने जगमंदिर जाएंगे। वसुंधरा राजे रविवार रात 8 बजे स्टेट प्लेन से उदयपुर आएंगी। रात साढ़े 9 बजे वापस जयपुर लौट जाएंगी।
सरकारी सूत्रों के अनुसार केंद्रीय वित्त मंत्री पी. चिदंबरम, विदेशमंत्री प्रणब मुखर्जी, पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, राज्यसभा में विपक्ष के नेता जसंवतसिंह, जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री गुलामनबी आजाद, रेलमंत्री लालूप्रसाद यादव, केंद्रीय मंत्री रामघोष, विदेश राज्यमंत्री आनंद शर्मा, केंद्रीय सहकारिता मंत्री प्रेमचंद गुप्ता, सुरेश पचौरी, उद्योग राज्यमंत्री अश्विनी कुमार, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री विलासराव देशमुख, उप मुख्यमंत्री आर.आर.पाटिल रविवार को उदयपुर आकर शाम को लौट जाएंगे।
बॉलीवुड-उद्योग जगत की दर्जनों हस्तियां पहुंची
पटेल की पुत्री के विवाह में शिरकत करने के लिए बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान, केटरीना कैफ, गोविंदा, सोनू निगम, सेलीना जेटली, लारा दत्ता, संजय दत्त, लक्ष्मीनिवास मित्तल परिवार सहित, हिंदूजा ब्रदर्स, राहुल बजाज, गौतम सिंघानिया, रजत शर्मा, बरखा दत्त, सांसद सचिन पायलट उदयपुर पहुंचे।
‘प्लीज इसे शाही शादी मत कहिए’
नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल ने साफ कहा कि उनकी बेटी के विवाह को कुछ लोग ही शाही शादी बता रहे हैं। शनिवार को महाराणा प्रताप एयरपोर्ट की न्यू टर्मिनल बिल्डिंग के कैफेटेरिया में पत्रकारों को उन्होंने बताया कि यह पूरी तरह से पारिवारिक आयोजन है। इस विवाह में उन्होंने अपने मित्रों तथा रिश्तेदारों को आमंत्रित किया है।
कई सालों से मुंबई में रहने के कारण बिजनेस, इंडस्ट्रीज, पॉलीटिक्स तथा बॉलीवुड के लोगों से उनके करीबी रिश्ते हैं। हालांकि यह विवाह वे मुंबई या अन्य स्थान पर भी कर सकते थे लेकिन उदयपुर से विशेष लगाव होने के कारण इस शहर को चुना। जब पटेल को यह बताया गया कि उदयपुर के कुछ वकीलों ने इस विवाह की भव्यता को लेकर प्रधानमंत्री को पत्र लिखा है।
वकीलों को आपत्ति है कि एक जननेता को विवाह में करोड़ों रुपए खर्च करने का नैतिक अधिकार नहीं है। इस पर पटेल का तर्क है कि उनके पास पैसा है जिसे वे अपने ढंग से खर्च कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि वे एक उद्योगपति, समाज सेवी तथा राजनेता हैं। इस नाते उनके कई गणमान्य लोगों से संबंध हैं। और फिर मेरी संपत्ति का ब्यौरा प्रधानमंत्री को दे रखा है। मैं कर दाता भी हूं। जितनी आय होती है उसका टैक्स ईमानदारी से चुकाता हूं।
पटेल ने उनकी बेटी के ब्याह की पब्लिसिटी न करने की मीडियाकर्मियों से अपील की। पत्रकारों से बातचीत के बाद पटेल ने कोलकाता से चार्टर प्लेन में आई बारात का परंपरागत स्वागत किया। इंडिगो एयरवेज के विमान से 180 बाराती यहां पहुंचे।
मनमोहन, सोनिया को न्यौता नहीं
पटेल ने बताया कि उन्होंने इस वैवाहिक आयोजन में प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को निमंत्रण नहीं दिया है। अलबत्ता दोनों से बेटी के सुखद जीवन के लिए आशीर्वाद लेने अवश्य गए थे। इन दोनों हस्तियों को न बुलाने की वजह बताई कि उनके आने से सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सरकार व प्रशासन का काम बढ़ जाता। झीलों की नगरी के नागरिकों को काफी परेशानियां झेलनी पड़तीं।