bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanKota Kota

चंबल में डूबने से बालिका की मौत

कोटा. चंबल गार्डन में केंटीन हॉल के पीछे शनिवार को तीन बच्चे मिट्टी खोदने गए थे। नदी के किनारे पानी पीते समय एक बालिका का पैर फिसल गया और वो नदी में डूब गई। पुलिस के अनुसार अधरशिला कच्ची बस्ती में रहने वाले कारपेंटर अमीर मोहम्मद के दो बच्चे 15 वर्षीय सलीम व 12 वर्षीय नाजनीन पड़ोस में रहने वाली 13 वर्षीय अंकुश के साथ चंबल गार्डन केंटीन हॉल के पीछे पौधे लगाने के लिए मिट्टी खोदने गए थे।

मिट्टी खोदते समय नाजनीन को प्यास लगी तो सलीम उसे लेकर पीछे की तरफ चंबल नदी के किनारे पर चला गया। वहां जैसे ही नाजनीन पानी पीने के लिए नीचे झुकी उसका पैर फिसल गया और वो नदी में गिर गई। उस स्थान पर नदी काफी गहरी है। सलीम के अनुसार देखते ही देखते नाजनीन पानी में डूबने लगी। वो मदद के लिए शोर मचा रही थी और पानी में कभी ऊपर तो कभी नीचे जा रही थी।

आसपास ऐसा कोई व्यक्ति नहीं था, जो नदी में कूदकर उसे बचाता। जब सलीम को कहीं मदद की उम्मीद नजर नहीं आई तो उसने घर की तरफ दौड़ लगाई और परिजनों को नाजनीन के डूबने की बात बताई। परिजनों के साथ-साथ पूरी कच्ची बस्ती के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े। किसी ने अग्निशमन विभाग व किशोरपुरा थाने को सूचना दी।

कुछ ही देर में सहायक अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास 10 गोताखोरों की टीम लेकर मौके पर पहुंचे। गोताखोरों के साथ-साथ बस्ती के कई लोगों ने भी चंबल में डुबकी लगाई। कुछ ही देर में किशोरपुरा थानाधिकारी गुमानाराम व डयूटी आफिसर एसआई रामकरण भी मौके पर पहुंच गए। करीब आधा घंटे की मशक्कत के बाद गोतागोरों ने उसे बाहर निकाला। पुलिसकर्मी उसे लेकर महाराव भीमसिंह चिकित्सालय पहुंचे जहां ड्यूटी डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने इस संबंध में कोई भी कार्रवाई नहीं चाहने की बात कहीं तो पुलिस ने बिना पोस्टमार्टम कराए शव उन्हें सौंप दिया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: