Manoranjan
Cinema
Bollywood Bollywood मुंबई. निश्चित ही इस बात से अभिनेता संजय दत्त और उनकी ब्याहता मान्यता को बड़ी राहत मिलेगी कि एक मौलवी ने सामने आकर दावा कर दिया है कि मान्यता का अपने पूर्व पति मेराज से तलाक हो चुका था। यहां एक मौलवी ने एक टीवी न्यूज चैनल से बातचीत में दावा किया है कि उसने खुद मान्यता और मेराज का तलाक कराया था।
मौलवी ने बताया कि मेराज अपनी पत्नी मान्यता उर्फ दिलनवाज शेख को बहुत मारता-पीटता था। उसने मान्यता का पासपोर्ट भी छीन लिया था। मौलवी के अनुसार मेराज शराबी था और मान्यता को गलत काम करने के लिए कहता था। इस सबसे आजिज आकर मान्यता मेराज से अलग रहने लगी थी।
तीन बार भेजे थे संबंध विच्छेद के नोटिस
इस मौलवी के माध्यम से मान्यता ने मेराज को संबंध विच्छेद का नोटिस भेजा था। इसे मुस्लिम निकाह के अनुसार खुला कहा जाता है। यह खुला पहली बार 10 अप्रैल 2003 को भेजा गया। जब मेराज ने इसका कोई जबाव नहीं दिया तो 21 नवंबर 2003 को एक बार फिर खुला भेजा गया। इसके बाद एक और खुला मेराज को भेजा गया था। मौलवी के अनुसार मान्यता ने मेराज से छुटकारा पाने के लिए अखबार में नोटिस भी छपवाया था। इस मौलवी ने भेजा गया खुला भी दिखाया।
मान्यता को मिलेगी बड़ी राहत
जब संजय दत्त ने मान्यता से विवाह किया तो जेल में बंद उसके पूर्व पति मेराज ने दावा किया था कि मान्यता उसकी पत्नी है तथा उसने उससे तलाक नहीं लिया है। उसकी इस बात को काफी उछाला गया और मान्यता भी मुश्किल में फंसी महसूस करने लगी थी, लेकिन उसके बचाव में सामने आए इस मौलवी के दावों से मान्यता को निश्चित ही काफी राहत महसूस होगी।