मुंबई. पुलिस ने रविवार शाम एक दलाल और तीन संदिग्ध ईरानी लड़कियों को गिरफ्तार करने के बाद वेश्यावृत्ति के एक रैकेट का भंडाफोड़ करने का दावा किया है।
पुलिस ने बताया कि ऐसी जानकारी मिली थी कि महानगर के उत्तर-पश्चिमी उपनगर में उच्च वर्गीय इलाके में एक युवती द्वारा जिस्म का गोरखधंधा चलाया जा रहा है जिसमें विदेशी लड़कियों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। इस सूचना पर ही शहर पुलिस की समाज सेवा शाखा के अधिकारियों ने जाल बिछाया।
एक वरिष्ठ एसएसबी अफसर ने बताया कि सूचना के आधार पर एक नकली ग्राहक को भेजा गया और यह पुष्टि की गई कि वाकई इस जगह वेश्यावृत्ति का कारोबार चल रहा है। इसके बाद छापामार कार्रवाई की गई।
पुलिस के मुताबिक अब तक तीनों लड़कियों के पासपोर्ट बरामद नहीं किए जा सके हैं लेकिन माना जा रहा है कि यह तीनों ईरानी हैं। पुलिस ने अनैतिक तस्करी (बचाव) एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।