इंदौर. जोधा-अकबर का विरोध करने पर भाजपा पार्षद सपना ठाकुर के पति मोहन ठाकुर पर अज्ञात लोगों ने एसिड की बोतल फेंककर हमला किया। घटना सोमवार शाम साढ़े 6 बजे की है, जब श्री ठाकुर अपने साथी पंकज यादव के साथ निगम से एरोड्रम रोड पर अंबिकापुरी स्थित घर जा रहे थे। श्री ठाकुर को बाफना अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
श्री ठाकुर के साथी श्री यादव ने बताया दोपहर ढाई बजे सरवटे बस स्टेंड के पास किसी एसटीडी से फोन आया था, उन्होंने धमकी देकर कहा था कि शाम तक तुझे निपटा देंगे। शाम को जब हम घर जा रहे थे तभी वायरलेस चौराहे के पास बाइक से जा रहे दो लोगों में से पीछे वाले ने एसिड की बोतल फेंकी, जो कि पैर में गिरी। श्री यादव को चोट नहीं आई। देर रात तक श्री ठाकुर की हालत सामान्य हो गई थी।
एरोड्रम पुलिस ने पुष्टी करते हुए बताया अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट सहित विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किेया गया है। इससे पहले श्री ठाकुर ने फिल्म ‘जोधा-अकबर’ का 17 फरवरी को विरोध किया था। हाल ही में फिल्म ‘जोधा-अकबर’ को लेकर नगर भाजपा महामंत्री मुकेश राजावत को भी अज्ञात व्यक्ति ने फोन करके धमकी दी थी जिसकी शिकायत भी तुकोगंज थाने में दर्ज हुई थी।