जयपुर.
आमेर महल में सोमवार को एक विदेशी पर्यटक इलाज के लिए तरस गया। पर्यटन विभाग के कर्मचारी काफी देर तक इस बात के लिए उलझते रहे कि अचानक बेहोश हुए विदेशी पर्यटक को ले जाने वाले वाहन का बिल कौन भरेगा। हुआ यह कि सुबह साढ़े नौ बजे शीशमहल के सामने फ्रांसीसी नागरिक डेमामोर गेरियल अचानक मिर्गी का दौरा आने से बेहोश हो गया।
इस पर वहां मौजूद कर्मचारी पर्यटक गेरियल को महल से नीचे लाए और उसे एक गाइड की जीप से आमेर स्थित सरकारी डिस्पेंसरी में ले गए। वहां पर पर्यटक को होश आ गया तथा चिकित्सकों ने उसे एसएमएस अस्पताल ले जाने को कहा। पर्यटन विभाग के कर्मचारी उसे एसएमएस अस्पताल ले जाने के बजाय ट्यूरिस्ट ऑफिस ले गए।
ऑफिस में कर्मचारियों में एसएमएस अस्पताल ले जाने के लिए वाहन का भुगतान कौन करेगा, इसे लेकर बहस हो गई। उस दौरान पर्यटक को एक बार फिर मिर्गी का दौरा पड़ गया। कर्मचारी उसे परेशान होते देखते रहे तथा वहां मौजूद दो कर्मचारियों ने जूता सुंघाकर विदेशी पर्यटक को होश में लाने की कोशिश की। कुछ समय बाद उस पर्यटक दल का गाइड भी वहां पहुंच गया।
करीब दो घंटे बाद एसएमएस अस्पताल से एम्बुलेंस बुलाई गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। पर्यटन विभाग के असिस्टेंट डायरेक्टर दलीप सिंह ने बताया कि पर्यटक को मिर्गी का दौरा आने की सूचना मिल गई थी। हमारे कर्मचारी उसे आमेर की डिस्पेंसरी ले गए तथा वहां से एंबुलेंस से एसएमएस अस्पताल लेकर गए।