इंदौर. प्रतिबंधित फिल्म जोधा अकबर की सुनवाई मंगलवार को हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच के चीफ जस्टिस ए.के. पटनायक की अध्यक्षता वाली डबल बेंच करेगी। मंगलवार को इसकी सुनवाई होगी।
राजपूत समाज के विरोध के बाद प्रदेश में भी यह फिल्म प्रतिबंधित कर दी गई थी। इसके विरोध में सेंट्रल सिने सर्किट एसोसिएशन ने हाईकोर्ट की जबलपुर बेंच में केस लगाया था। जोधा अकबर के वितरक अंकुश मेहता ने प्रतिबंध के खिलाफ जबलपुर हाईकोर्ट में याचिका लगाई थी। सोमवार को सिंगल बेंच के जस्टिस एस.एस. केमकर ने सुनवाई के बाद इसे महत्वपूर्ण बताते हुए चीफ जस्टिस की अध्यक्षता वाली डबल बेंच को सौंप दिया। उधर, प्रतिबंध के खिलाफ सेंट्रल सर्किट एसोसिएशन की टॉकीजें बंद करने की धमकी नरम पड़ गई है।
सोमवार को संतोष सभागृह में एक सभा में संस्था के मानद सचिव जितेंद्र जैन की अध्यक्षता में एक समिति गठित की गई जिसमें रमेश सुरेका, ओ.पी. गोयल, उत्तम नाहर, सुधीर बिंदल, आदित्य चौकसे आदि सदस्य मनोनीत किए गए। ये अब सरकार को प्रतिबंध हटाने के लिए मनाएंगे।