bhaskar Web English
HomeNewsMetrosIndore Indore

रुपयों के लिए फिर धमकी भरे फोन..

इंदौर. व्यवसायी कैलाश बाहेती को फिर रुपयों के लिए धमकीभरे फोन आ रहे हैं। इसकी शिकायत पर पुलिस प्रकरण भी दर्ज हो गया। उधर, उनके परिवार को इसकी जानकारी नहीं। वे भी मीडिया से बच रहे हैं। इसके चलते मामला संदेहास्पद हो गया है।

पलासिया टीआई अशोक राणा ने बताया रुक्मणी मोटर्स के मालिक श्री बाहेती की ओर से 22 फरवरी को एसपी अंशुमान यादव को दिए आवेदन में लिखा था कुछ दिन से यूनिवर्सिटी, बंगाली चौराहा तथा तिलकनगर के आसपास के एसटीडी-पीसीओ से पांच लाख रुपए देने के धमकीभरे फोन आ रहे हैं। भुगतान न करने पर उनके दोनों बेटों को मारने की धमकी भी दी गई। इस शिकायत पर रविवार रात पलासिया थाना ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। श्री बाहेती का दिसंबर 2004 में अपहरण हो गया था। अक्टूबर 07 में उस कांड के बदमाशों को सजा हुई है।

बाहेती के खिलाफ भी प्रकरण

तुकोगंज पुलिस ने रविवार रात गुलशन अरोरा निवासी एशियन टॉवर, सरवटे बस स्टैंड की शिकायत पर कैलाश बाहेती, महेश टोंग्या और सुमेर खां के खिलाफ प्रकरण कायम किया। एएसआई जेपी दुबे ने बताया श्री बाहेती ने 17 नंवबर 2007 की सुबह 10 बजे सम्राट होटल के पीछे एक गार्डन का गेट खोलने के विवाद में श्री अरोरा से मारपीट की थी। इसकी शिकायत उन्होंने कोर्ट में की। वहां से आदेश होने के बाद प्रकरण दर्ज हुआ।

बहू ने कहा ऐसा होता तो मुझे मालूम होता

सोमवार दोपहर 12 बजे भास्कर संवाददाता श्री बाहेती के मनोरमागंज निवास पहुंचा तो कुछ और ही कहानी सामने आई। बहू किरण ने धमकीभरा फोन आने से साफ इंकार किया। दोबारा पूछा कि क्या कैलाश बाहेती के पास रुपयों की मांग को लेकर कोई फोन आया है तो भी अनभिज्ञता जताते हुए बोलीं ऐसा होता तो जरूर पता चलता। आखिर में उन्हें बताया श्री बाहेती ने ही पुलिस को शिकायत की है तो वे भौंचक रह गईं और बताया वे इस वक्त रुक्मणी मोटर्स में हैं।

मीडिया को टालते रहे

मीडियाकर्मी श्री बाहेती के ऑफिस पहुंचे तब वे कैबिन में थे। रिसेप्शनिस्ट ने बताया कुछ देर बाद मिलेंगे। थोड़ी देर बाद एक कर्मचारी ने कहा दोपहर 3.15 बजे मिलेंगे। तय समय पर जब मीडिया के प्रतिनिधि पहुंचे तो जीएम अमूल गोसावी ने बताया वे लंच से नहीं लौटे। एक-डेढ़ घंटे बाद आने का कहा है। उन्हें बताया मिलना जरूरी है तो बोले पास के शोरूम में उनके पुत्र नितिन बैठे हैं, वे भी सब भलीभांति जानते हैं। नितिन ने भी रिसेप्शनिस्ट से कहलवा दिया ऑफिस में नहीं है। उनका मोबाइल नंबर भी नहीं बताया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: