इंदौर.
पिछले बजट में लालू प्रसाद ने मप्र और खासतौर से मालवा को अच्छी तवज्जो दी थी। इस एक साल में इंदौर की जरूरतें और बढ़ गई हैं। कुछ मांगें पिछले कई सालों से यथावत हैं। बजट में वे इंदौर को नई ट्रेनें देंगे तो इन्हें खड़ी करने के लिए नए प्लेटफॉर्म और स्टेशन भी देना होंगे। यहां आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए बजट में पर्याप्त राशि की दरकार है। शहर के बाशिंदे इंतजार में हैं कि दिल्ली से रवाना होने वाली लालू एक्सप्रेस इंदौर के लिए क्या-क्या सौगातें ला रही है। रेल बजट में स्वीकृत परियोजनाओं के अलावा कुछ नई ट्रेन और सुविधाएं इंदौर को मिलने की संभावनाएं हैं।
इंदौर-मनमाड़ रेल लाइन
इस रेल लाइन की मांग करीब 50 साल पुरानी है। 1500 करोड़ रुपए की इस परियोजना के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 412 करोड़ रुपए स्वीकृत कर दिए हैं। मध्यप्रदेश सरकार ने कुछ शर्तो के साथ सहमति दी है। हालांकि यह स्पष्ट नहीं है कि मध्यप्रदेश सरकार इस 350 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग के लिए जमीन देगी या अनुदान राशि। महाराष्ट्र ने शर्त लगाई है यह प्रोजेक्ट तीन साल में पूरा हो जाए। यदि रेलमंत्री इसे स्वीकृत करते हैं तो महाराष्ट्र और मध्यप्रदेश के कई पिछड़े इलाकों में विकास के द्वार खुलेंगे।
मीटरगेज लाइन के माल गोदाम पर नया प्लेटफॉर्म
महानगर का आकार लेते इंदौर में ट्रेनें तो बढ़ीं लेकिन ब्राडगेज के तीन ही प्लेटफॉर्म हैं। लगातार नई ट्रेन शुरू की जा सकें, इसके लिए मीटरगेज रेललाइन के बंद हो चुके माल गोदाम को ब्राडगेज लाइन के प्लेटफॉर्म में बदलने की मंजूरी रेलमंत्री दे सकते हैं। यहां दो प्लेटफॉर्म बनाए जाना हैं।
इंदौर-अजमेर/ उदयपुर
रतलाम-चित्तौड़गढ़ ट्रेक ब्राडगेज होने के बाद इंदौर को अजमेर-उदयपुर जाने के लिए लंबे रूट का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। रेलमंत्री यदि इसे मंजूरी देते हैं तो लाखों लोगों को फायदा होगा। इंदौर-उदयपुर के लिए लंबे समय से लोगों द्वारा की जा रही मांग भी पूरी होगी।
इंदौर- ग्वालियर एक्सप्रेस (सप्ताह में तीन दिन)
फिलहाल ग्वालियर जाने के लिए चार ट्रेनें हैं जो ग्वालियर होते हुए जाती है पर इंदौर-भिंड को छोड़कर कोई ट्रेनों के ग्वालियर पहुंचने का समय सहूलियत वाला नहीं है, सप्ताह में तीन दिन चलने वाली यह ट्रेन इस कमी को पूरा करेगी।
भोपाल-रीवा रेवांचल एक्सप्रेस इंदौर तक
यदि रेलमंत्री इस ट्रेन को इंदौर से चलाने का निर्णय लेते हैं तो मालवा का बघेलखंड से सीधा और रोजाना रेल संपर्क हो जाएगा। इसके अलावा झाबुआ जिले मेंकोच फैक्ट्री बनाने की विधिवत घोषणा भी बजट में शामिल कर ली जाएगी।