News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. यूनिफाइड भूगोल पुस्तक में गोंड जाति पर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। सरकार ने पुस्तक को बेचने, पढ़ने और रखने पर प्रतिबंध लगा दिया है। सदन में शून्य काल में नेता प्रतिपक्ष महेन्द्र कर्मा, उपनेता भूपेश बघेल, धर्मजीत सिंह व अन्य सदस्यों ने यह मामला उठाया। विपक्षी सदस्यों ने कहा कि बीए भाग एक की किताब यूनिफाइड भूगोल में गोड जाति को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है।
आसंदी की फटकार
उच्च शिक्षा राज्य मंत्री डा. कृष्णमूर्ति बांधी के जवाब से विपक्ष असहमत था। बहस के दौरान ही डा. बांधी ने कह दिया कि हम चर्चा को तैयार हैं। अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे ने इस बयान के लिए मंत्री को फटकार लगाई। उन्होंने डा. बांधी से पूछा कि आपको चर्चा कराने का अधिकार किसने दिया? उन्होंने शिक्षा राज्यमंत्री की अधूरी जानकारी पर भी कटाक्ष करते हुए कहा कि आप क्या चर्चा करेंगेैं, यह दिख रहा है। आसंदी ने कहा कि आप क्या कार्रवाई कर रहे हैं, आज ही किसी भी समय बताएं।
विपक्ष का हंगामा
भोजन अवकाश के बाद सदन में बजट पर चर्चा शुरु हो गई। तभी सत्यनारायण शर्मा, भूपेश बघेल समेत सभी काग्रेसी विधायक खड़े हो गए। वे डा. बांधी से जवाब देने की मांग करने लगे। कुछ देर इसी मुद्दे पर हंगामा होता रहा। आसंदी ने समझाया कि जवाब देने कहा गया है। तब तक बजट पर चर्चा जारी रखी जाए।
मंत्री की सफाई
डा. बांधी ने सदन में माना कि यूनिफाइड भूगोल नामक पुस्तक में गोड़ जनजाति के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई है। पुस्तक के लेखक डा. चतुभरुज मामोरिया व डा. बीएल शर्मा हैं। उन्होंने सफाई दी कि पुस्तक शासन द्वारा अनुशंसित नहीं है।
यह निजी प्रकाशकों द्वारा प्रकाशित की गई है। जानकारी मिलने पर सभी कालेजों के प्राचार्यो को निर्देश दिया गया कि पुस्तक के आपत्तिजनक अंश को न पढ़ाएं, साथ ही विद्यार्थी भी इसे न पढ़ें। डा. बांधी ने कहा कि इस मामले में विशेषज्ञों की जांच समिति गठित की गई है। सभी कलेक्टरों को निर्देश दिया गया है कि पुस्तक को राजसात करें। इस पुस्तक पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है।