News
Chhattisgarh
Raipur Raipur धमतरी. अजरुनी पुलिस ने यहां से 18 किलो मीटर दूर महानदी की रेत में दबी बालक की लाश रविवार को बरामद की। घटना स्थल ग्राम देवपुर, दरगहन एवं भरारी के बीच है। लाश ऐसी वीरान जगह मिली, जहां कोई आता-जाता नहीं। लाश के सिर से पूरा मांस व बाल, आंख गायब मिला, वहीं शरीर के अन्य अंगों का मांस सड़ने लगा था। रेत में दबी लाश को कुत्तों ने नोच कर बाहर निकाला, तब लोगों को इसकी जानकारी हुई।
अजरुनी पुलिस कल दिनभर लाश तलाशती रही, पर उसे देर शाम को सफलता मिली। मृतक के कपड़े, घड़ी को देखकर उसके परिजनों ने शिनाख्त की। मृतक कुरूद थाना क्षेत्र के ग्राम मोंगरा निवासी सुकालुराम साहू का पुत्र किशन उर्फ अमृत (14) था। वह सातवीं का छात्र था। 8 दिन पूर्व 17 फरवरी को वह गांव से लापता हो गया था, जिससे उसके परिवार में हाहाकार मच गया और ढूंढकर लाने वालों को या पता बताने वालों को 10 हजार रुपए ईनाम देने की घोषणा भी की गई थी। इसी बीच 24 फरवरी को उसकी लाश बरामद हुई।
पुलिस ने मर्ग कायम कर लाश को पोस्ट मार्टम के लिए भेज दिया है। लाश क्षत-विक्षत होने के कारण पोस्ट मार्टम में दिक्कते आ रही है, अत: मेडिकल कालेज रायपुर भेजने की तैयारी की जा रही है। मृतक के परिजनों ने लाश की शिनाख्त करने के बाद पुलिस को बताया कि दो अज्ञात व्यक्ति उसे बहला-फुसलाकर ले गए थे।
ग्राम मोंगरा की एक महिला एवं कुछ बच्चों ने बताया कि स्कूल से छुट्टी होने के बाद किशन अन्य बच्चों के साथ गांव के मंच के पास खेल रहा था, तभी दो अज्ञात व्यक्ति उसके पिता सुकालुराम का पता पूछते हुए आए। बच्चों ने उन्हें किशन की ओर इशारा करते हुए बताया कि उसका पुत्र यही है। दो अज्ञात व्यक्तियों ने इसके बाद किशन को चाकलेट दिया और अपने साथ ले गए। महिला के बयान के मुताबिक किशन को वे पहले खार की ओर ले जा रहे थे, पर बाद में रास्ता बदल दिया। विवेचना अधिकारी श्री नायर ने बतया कि घटना स्थल और लाश की परिस्थिति तथा परिजनों के बयान के मुताबिक किशन की हत्या हुई है, जिसकी पुष्टि पोस्ट मार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही होगी। परिस्थिति के मद्देनजर पुलिस इसे हत्या का केस मानकर विवेचना कर रही है।
कारनामा रंजिश का
मृतक के पिता सुकालुराम का कहना है कि गांव में उसकी किसी के साथ कोई दुश्मनी नहीं थी, लेकिन पड़ोसी गांव के एक व्यक्ति से रंजिश चल रही थी। उसने पुलिस के समक्ष आशंका व्यक्त की कि इसी रंजिश के चलते किशन का अपहरण कर हत्या कर दी गई। उसने यह भी बताया कि जिस दिन किशन का अपहरण हुआ, उस दिन वह किसी काम से रायपुर गया था। संभवत: इसकी जानकारी दुश्मनों को थी और इसी का फायदा उठाकर उन्होंने घटना को अंजाम दिया।