News
Chhattisgarh
Raipur Raipur बैकुंठपुर (कोरिया). कोरिया पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर 3 नक्सलियों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों में धर दबोचा। पकड़े गए नक्सलियों से 315 बोर का कट्टा, 5 कारतूस व अन्य सामान बरामद हुआ है। इनमें 2 नक्सली इनामी हैं।
गिरफ्तार नक्सलियों में से एक को सोनहत पुलिस ने व 2 को कोटाडोल पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कोरिया एसपी ए.एम. जूरी ने बताया कि मध्यप्रदेश व छत्तीसगढ़ की सीमा पर लंबे समय से सक्रिय नक्सली छोटू उर्फ लक्ष्मण आ. देव नारायण चेरवा (20) ग्राम बेलिया थाना सोनहत, शिवप्रताप सिंह उर्फ छोटकन आ. रामलाल (१८) मुरकिल थाना कोटाडोल व राजपति सिंह उर्फ लल्ला उर्फ राष्ट्रपति आ. हीरा सिंह (१८) सोनवाही के क्षेत्र में होने की मुखबिर से सूचना मिली थी।
जिस पर इन दोनों थाना क्षेत्रों के पुलिस स्टाफ ने दबिश दी। नक्सली छोटू उर्फ लक्ष्मण को सोनहत पुलिस ने सीआरपीएफ व सीएएफ के साथ मिलकर पकड़ा। उससे 315 बोर का कट्टा व ५ कारतूस बरामद हुए। उसके खिलाफ पुलिस ने धारा 147, 148, 149, 29, 506, 307 व 25-27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध कायम कर ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया है।
उधर कोटाडोल पुलिस द्वारा गिरफ्तार नक्सली शिवप्रताप सिंह व राजपति सिंह उर्फ राष्ट्रपति से पूछताछ की जा रही है। दोनों के खिलाफ कोरिया व सूरजपुर पुलिस जिले में कई अपराध पंजीबद्ध हैं। इनपर क्रमश: 2 व 3 हजार रुपए का इनाम घोषित है। तीनों नक्सलियों की मध्यप्रदेश में सक्रियता को देखते हुए कोरिया पुलिस इनके द्वारा सीधी जिले में किए आपराधिक प्रकरणों की जानकारी एकत्रित कर रही है।