News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. रायगढ़ और जशपुर जिले में आदिवासी युवक-युवतियों के गायब होने के मामले में सोमवार को विधानसभा में जमकर हंगामा हुआ। कांग्रेस विधायकों के प्रहारों को भाजपा की मनोनीत विधायक रोजलीन बैकमेन ने और धारदार बना दिया। गृहमंत्री रामविचार नेताम पर आरोपों की बौछार से सदन गूंजता रहा। गृहमंत्री संतोषप्रद जवाब नहीं दे पाए तो कांग्रेस विधायकों ने सदन से वाकआउट किया।
प्रश्नकाल में कांग्रेस विधायक नंदकुमार पटेल ने यह मामला उठाया। उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों से लगातार युवतियां गायब हो रही हैं और सरकार कुछ नहीं कर पा रही है। 21 युवतियों के बारे में आज तक कोई जानकारी नहीं मिल पाई है। जशपुर की 11 युवतियों को विदेश ले जाने की जानकारी मिल रही है।
सरकार इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए क्या करने जा रही है? यह सदन में बताया जाए। गृहमंत्री रामविचार नेताम ने अपने जवाब में कहा कि गुमशुदगी के मामले में सरकार गंभीर है। गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज होते ही लापता युवतियों की पतासाजी के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं। उनकी यह बात सुनकर भाजपा की मनोनीत विधायक रोजलीन बैकमेन खड़ी हो र्गई। उन्होंने कहा कि गृहमंत्री गलत उत्तर दे रहे हैं। वास्तव में पुलिस गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज नहीं करती। पीड़ित परिवार को थाने जाने के पहले किसी प्रभावशाली व्यक्ति के पास जाना पड़ता है। कई बार तो प्रभावशाली लोगों की बातें दरकिनार कर दी जाती हैं।
ज्योतिबाई नामक युवती की गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखाने के लिए पीड़ित परिवार के लोग उनके पास आए। वे खुद परिवार के लोगों को थाने लेकर र्गई लेकिन रिपोर्ट नहीं लिखी गई। मुख्यमंत्री को भी पत्र लिखकर उन्होंने सूचित किया था, फिर भी थाने में कोई असर नहीं हुआ। थाने में पूरी तैयारी के साथ आने के लिए कहा जाता है। तैयारी मतलब होता है कि एक हजार रुपए लेकर थाने पहुंचे। इतना सुनते ही कांग्रेस विधायक अपने-अपने स्थानों पर खड़े होकर हंगामा करने लगे।
उन्होंने कहा कि इस मामले में और क्या उत्तर आएगा। भाजपा की विधायक ने ही सरकार को बेनकाब कर दिया है। कांग्रेस विधायकों ने गृहमंत्री से इस्तीफे की मांग करते हुए सदन में नारे शुरू कर दिए। इस बीच विधानसभा अध्यक्ष ने बीचबचाव किया।
रोजलीन बैकमेन ने गृहमंत्री से पूछा कि युवती के बारे में पता चलने पर उसको वापस लाने की प्रक्रिया क्या है? गृहमंत्री ने शासन की प्रक्रिया बताने का प्रयास किया लेकिन कांग्रेस विधायकों ने गृहमंत्री पर प्रहार जारी रखा। श्री नेताम ने कहा कि इस तरह की घटना की वे जांच कराएंगे। अगर कोई दोषी मिला तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि संबंधित जिलों के एसपी को पत्र लिखकर निर्देश जारी किए जाएंगे कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करने में देर न हो। अगर ऐसा होता है तो संबंधित एसपी पर जिम्मेदारी तय की जाएगी।
दो साल में 129 लापता
गृहमंत्री ने लिखित उत्तर में बताया कि दो साल में रायगढ़ और जशपुर जिले से 129 युवक युवतियां गायब हुई हैं। रायगढ़ जिले से 27 लड़के और 37 लड़कियां लापता हरुई। जशपुर जिले के14 लड़के और 51 लड़कियां लापता हैं। इनमें से 21 लोगों के बारे में पुलिस को कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
विधायक को मनाते रहे मंत्री
सदन में आक्रामक तेवर दिखा रही मनोनीत विधायक रोजलीन बैकमेन को गृहमंत्री रामविचार नेताम ने जैसे ही बैठने कहा, माहौल और गरमा गया। विपक्ष ने आरोप लगाया कि विधायक को बैठने के लिए धमकाया जा रहा है। बैकमेन के तेवरों से अवाक कई मंत्रियों ने उन्हें समझाने का प्रयास किया। संसदीय कार्यमंत्री अजय चंद्राकर ने उन्हें दूर से शांत रहने के लिए इशारा किया। बगल में बैठे गणोशराम भगत ने भी उन्हें शांत रहने की समझाइश दी। विपक्ष के हंगामे के कारण सत्तापक्ष के लोग सफल नहीं हो पाए।