News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. अपनी बाड़ी में साथियों के साथ जुआ खेल रहे भाजपा नेता सहित 8 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उनके पास से लगभग 11 हजार रुपए जब्त किए गए हैं। पकड़े गए लोगों में शहर का ‘सट्टा किंग’ कहलाने वाला व्यक्ति भी शामिल है।
सिटी कोतवाली पुलिस के मुताबिक नारियल कोठी, मधुबन क्षेत्र में बड़े पैमाने पर जुआ खेले जाने की शिकायत वरिष्ठ अधिकारियों को लगातार मिल रही थी। इस पर उन्होंने सिटी कोतवाली पुलिस को इस पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया। मधुबन स्थित सब्जी की बाड़ियों में जुआ खेलने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं।
सोमवार की रात पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि मधुबन निवासी पूर्व पार्षद व भाजपा नेता बंधु मौर्य अपनी बाड़ी में साथियों के साथ जुआ खेल रहा है। इस पर पुलिस ने रात लगभग 9:30 बजे वहां पर दबिश दी। वहां से जुआ खेल रहे बंधु मौर्य, अमर सिंह मौर्य, गोपी सिंधी, जसपाल सलूजा, इकबाल सिंह, नरेन्द्र कुमार, सुनील व किशोर कश्यप को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से जुआ की रकम 10 हजार 435 रुपए बरामद की गई। सभी 8 लोगों के खिलाफ 13 जुआ एक्ट के तहत कार्रवाई की गई।