News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. किस्त समय पर अदा न करने की बात को लेकर फाइनेंस कंपनी के गुर्गो ने कोयले से भरी ट्रक को लूट लिया। उन्होंने ड्राइवर से मारपीट कर 1700 रुपए और कागजात भी छिन लिए। ट्रक मालिक ने थाने में लिखित शिकायत की है।
तालापारा निवासी खालिद खान ने श्रीराम फाइनेंस से फाइनेंस कराकर ट्रक क्रमांक सीजी 15, जेडडी 0199 खरीदा है। सोमवार को यह ट्रक दीपका से कोयला लेकर बिल्हा के लिए निकला था। शाम लगभग 6:30 बजे ट्रक तिफरा रेलवे क्रासिंग के पास पहुंचा। तभी 3 बाइक में सवार 7-8 युवकों ने तेजी से ट्रक को ओवरटेक किया और बाइक सड़क में खड़ी कर ट्रक को रुकवा लिया। जैसे ही ट्रक ड्राइवर सलाम खान ने वाहन को रोका, वे उसके पास पहुंचे और नीचे उतारकर उसके साथ मारपीट करने लगे। कारण पूछने पर उन्होंने फाइनेंस कंपनी का हवाला देते हुए बताया कि वे गाड़ी सीज करने आए हैं।
उन्होंने ड्राइवर की जेब में रखे 1700 रुपए नगद, गेट पास, बिल्टी व कुछ कागजात भी छिन लिए और पुलिस में रिपोर्ट लिखाने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वे ट्रक को लेकर रायपुर रोड की ओर निकल गए। ड्राइवर ने इसकी सूचना अपने मालिक को दी। खालिद तुरंत मौके पर पहुंचा और ड्राइवर को लेकर सिविल लाइन थाने पहुंचा। उसकी शिकायत पर पुलिस ने फाइनेंस कंपनी के अधिकारियों को थाने बुलवाया। बाद में दोनों पक्षों में समझौता हो गया और रिपोर्ट दर्ज नहींे हुई। खालिद ने मामले की लिखित शिकायत की है। इस बीच सिविल लाइन थाने में उसके परिचित युवक बड़ी संख्या में पहुंच गए थे। इस वजह से काफी देर तक गहमागहमी की स्थिति बनी रही।