बीकानेर. युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के बैनर तले सोमवार से प्रस्तावित दो दिवसीय बैंक हड़ताल सोमवार सुबह स्थगित कर दी गई है। बैंककर्मी नेताओं ने एसएमएस के जरिये कर्मचारियों को हड़ताल स्थगित होने की सूचना दी मगर अनेक कर्मचारियों तक यह सूचना नहीं पहुंच पाई। जो कर्मचारी तीन दिन का अवकाश देखते हुए मुख्यालय से बाहर चले गए थे वे भी ड्यूटी पर नहीं पहुंच पाए।
दूसरी ओर हड़ताल की खबर के कारण ग्राहकों ने भी बैंक की ओर रुख नहीं किया। ऐसे में बैंकों के ताले खुले, काफी कर्मचारी पहुंचे मगर हथाई करते हुए उन्होंने वक्त गुजारा। चूंकि हड़ताल के पहले दिन बैंक ऑफ बड़ौदा स्टेशन रोड शाखा के सामने से जुलूस निकलना प्रस्तावित था, ऐसे में कई कर्मचारी प्रदर्शन स्थल पर भी पहुंच गए।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस के संयोजक का. वाई.के.शर्मा के मुताबिक, बैंकों का विलय रोकने, अनुकंपा नियुक्ति योजना बहाल करने, पेंशन का एक और विकल्प देने, खाली पदों को भरने, आउटसोर्सिग बंद करने व नौवें वेतन समझौते के लंबित मांग-पत्र का निस्तारण करने जैसे मुद्दों पर 25-26 जनवरी को हड़ताल की घोषणा की गई थी।
भारतीय बैंक संघ के साथ फोरम के घटक संगठनों के मध्य हुई सहमति के बाद हड़ताल स्थगित की गई। बैंक संघ ने मुद्दों के समाधान के प्रति आश्वस्त किया और बातचीत के अनुरूप सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर करने के लिए घटक संगठनों के नेताओं को सोमवार दोपहर मुंबई पहुंचने का निमंत्रण दिया। इसी आधार पर फोरम ने देशभर की इकाइयों को हड़ताल स्थगित करने की सूचना दी। दोपहर को मुंबई में इस सहमति-पत्र पर हस्ताक्षर हो गए।